कोटपूतली (राजेश कुमार हाडिया)। प्रागपुरा कस्बे के गोपालदास मंदिर प्रांगण में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी का 47वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी रही, जहां संगठन की विचारधारा और राष्ट्रसेवा के संकल्प को दोहराया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत पार्टी के संस्थापकों एवं महान नेताओं को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। इसके पश्चात कार्यकर्ताओं ने भाजपा की गौरवशाली यात्रा और उपलब्धियों पर चर्चा करते हुए संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर भाजपा मंडल महामंत्री मिंटू शर्मा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि “भारतीय जनता पार्टी आज विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है, जो लाखों कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत और समर्पण का परिणाम है। जनसंघ से लेकर आज तक पार्टी ने अंत्योदय और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।” उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अपने-अपने घरों पर पार्टी का ध्वज लगाने और स्थापना दिवस को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
मंडल उपाध्यक्ष अमित बंसल ने कहा कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। उनका जन-जन से सीधा जुड़ाव ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है। विपक्षी दल चाहे जितना प्रयास कर लें, लेकिन जनता का विश्वास भाजपा के साथ है और आगामी चुनावों में पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ विजय हासिल करेगी।”
कार्यक्रम के दौरान भाजपा की नीतियों, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं संगठन विस्तार को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं में जबरदस्त जोश देखने को मिला और सभी ने एकजुट होकर संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर मंडल उपाध्यक्ष कबुल सैनी, सेवानिवृत्त थानेदार रामजीलाल सैनी, बूथ अध्यक्ष मुकेश भारद्वाज, पप्पू स्वामी, मुजीफ खान, मुकेश सोनी, उमेश कुमावत सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में देशभक्ति और संगठन के प्रति समर्पण का अद्भुत संगम देखने को मिला, जिसने पूरे वातावरण को ऊर्जावान और प्रेरणादायक बना दिया।



