कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बानसूर क्षेत्र के ग्राम मोरोड़ी निवासी सीआरपीएफ के सब-इंस्पेक्टर मोहर सिंह गुर्जर (55) पुत्र मूलाराम गुर्जर का छत्तीसगढ़ में हृदय गति रुकने से निधन हो गया। वे वहां सीआरपीएफ की 196वीं यूनिट में तैनात थे। उनके निधन की खबर से गांव सहित आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मोहर सिंह गुर्जर का गुरुवार देर शाम अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद हृदय गति रुकने से निधन हो गया। उनके साथी जवानों ने यूनिट में उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। बताया जा रहा है कि वे 08 मार्च को लगभग 20 दिन की छुट्टी बिताने के बाद वापस ड्यूटी पर लौटे थे।

पूर्व सरपंच धर्मवीर रावत ने बताया कि मोहर सिंह गुर्जर के परिवार में दो बेटे और तीन बेटियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। उनका छोटा बेटा सेना में सेवारत है, जबकि बड़ा बेटा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है।

हरसौरा नायब तहसीलदार पवनेश शर्मा के अनुसार जवान का पार्थिव शरीर छत्तीसगढ़ से हवाई मार्ग द्वारा दिल्ली लाया जाएगा। देर रात दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने के बाद पार्थिव शरीर को सड़क मार्ग से उनके पैतृक गांव मोरोड़ी लाया जाएगा, जहां शनिवार दोपहर सैनिक सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।




