कोटपूतली-बहरोड़ जिले के प्रागपुरा थाने में एसपी सतवीर सिंह की जनसुनवाई 03 अप्रैल को

कोटपूतली-बहरोड़ (राजेश कुमार हाडिया)। जिले के प्रागपुरा थाना परिसर में शुक्रवार शाम आमजन की समस्याओं के समाधान के लिये विशेष जनसुनवाई का आयोजन किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह (IPS) 03 अप्रैल 2026 को सायं 04:00 बजे से 06:00 बजे तक स्वयं उपस्थित रहकर परिवादियों की शिकायतें सुनेंगे।

कोटपूतली-बहरोड़ जिले के प्रागपुरा थाने में एसपी सतवीर सिंह की जनसुनवाई 03 अप्रैल को

यह जनसुनवाई वृत्त विराटनगर एवं उससे जुड़े थाना क्षेत्रों के नागरिकों के लिये आयोजित की जा रही है, जिसमें विभिन्न मामलों में लंबित शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण करने का प्रयास किया जाएगा। पुलिस विभाग का उद्देश्य आमजन को त्वरित राहत प्रदान करना एवं पुलिस-जन संवाद को मजबूत बनाना है।

उल्लेखनीय है कि हाल ही में जिले के पुलिस अधीक्षक का पदभार संभालने वाले सतवीर सिंह (IPS) ने अपनी कार्यशैली में पारदर्शिता, संवेदनशीलता और जवाबदेह पुलिसिंग को प्राथमिकता दी है। उन्होंने पदभार ग्रहण करते ही स्पष्ट किया था कि कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करना, आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना तथा जयपुर-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।

एसपी सतवीर सिंह ने जिले के पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों पर गंभीरता से कार्यवाही करें और पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाएं। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस और आमजन के बीच विश्वास का मजबूत संबंध स्थापित करना आवश्यक है, जिससे कानून व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हो सके।

प्रागपुरा में आयोजित यह जनसुनवाई आमजन के लिये एक महत्वपूर्ण अवसर मानी जा रही है, जहां वे सीधे पुलिस अधीक्षक के समक्ष अपनी समस्याएं रख सकेंगे और उनके समाधान की उम्मीद कर सकेंगे।

Author