26 नवंबर, संविधान दिवस के अवसर पर श्याम कॉलोनी में सामाजिक समरसता और महिला सशक्तिकरण की अनूठी तस्वीर देखने को मिली। मेघवाल समाज के दांतिल निवासी बाबूलाल वर्मा एवं गीता देवी ने अपनी बेटी विनीता की शादी में परंपरागत रूढ़ियों को पीछे छोड़ते हुए उसकी घोड़ी पर बिंदौरी निकलवाकर समाज को एक प्रेरणादायक संदेश दिया।

इस आयोजन में दुल्हन विनीता राजस्थानी साफा पहनकर घोड़ी पर सवार हुईं। उनके हाथों में भारतीय संविधान के शिल्पकार भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की तस्वीर थी। संविधान दिवस के दिन आयोजित इस बिंदौरी ने समानता, अधिकार, सामाजिक सम्मान और बेटियों को बराबरी का अवसर देने का संदेश दिया। विनीता की इस अनूठी पहल की क्षेत्र में खूब सराहना हुई।

विनीता का विवाह खड़ब नारेहड़ा (वर्तमान निवासी कोटपूतली) के मदन लाल वर्मा एवं संतोष देवी के सुपुत्र भूपेन्द्र वर्मा के साथ होने जा रहा है। बिंदौरी के दौरान समाज के अनेक गणमान्य नागरिकों और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। लालचंद वर्मा, हंसराज मातोरिया, अनिल करवास, दीपक धोलीवाल, गोविन्द वर्मा, महेन्द्र नारनौलिया, आकाश रामसिंहपुरा, सुरेश वर्मा, राजेन्द्र मोरोडिया, अभिषेक मातोरिया, सुमित राज वर्मा, कृष्ण कुमार वर्मा, श्रीराम धोलीवाल, दाताराम वर्मा और बहादुर मल सहित उपस्थित लोगों ने पुष्पवर्षा कर विनीता का उत्साह बढ़ाया।
महिलाओं ने मंगलगीत गाकर इस पहल का स्वागत किया। उपस्थितजनों ने इसे बेटियों के सम्मान और सामाजिक बदलाव की दिशा में सराहनीय कदम बताते हुए नवदंपती के सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।