रविवार को कोटपूतली विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर रहे विधायक हंसराज पटेल ने विभिन्न ग्रामों में विकास कार्यों का लोकार्पण, उद्घाटन और शिलान्यास कर ग्रामीणों को महत्वपूर्ण सौगातें दीं। इस दौरान ग्राम सुजातनगर, मांजूकोट और भूरी-भड़ाज में करोड़ों रुपये की लागत से बने एवं प्रस्तावित कार्यों को जनता को समर्पित किया गया।

ग्राम सुजातनगर में पटेल ने पंचायत भवन, अंबेडकर भवन, जल जीवन मिशन टंकी तथा मीरापुर फार्म से ढाणी थोरावाली तक मिसिंग लिंक सड़क का लोकार्पण एवं उद्घाटन किया। वहीं ग्राम मांजूकोट में 55 लाख रुपये की लागत से निर्मित उप स्वास्थ्य केंद्र भवन का विधिवत उद्घाटन किया गया।

इसी क्रम में ग्राम भूरी-भड़ाज में कुल 2 करोड़ 61 लाख 50 हजार रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया गया। यहां राजकीय पशु चिकित्सालय भवन का उद्घाटन, अटल पथ सड़क निर्माण (बालाजी चौक MDR-230 से ढाणी झाड़ली तक) तथा विधायक कोष से बनी सड़कों—ठाकुर जी मंदिर से भैंसलाना सीमा ढाणी ज्यानकीदास तक, भूरी-भड़ाज मुख्य रास्ते से मंजू के मकान की ओर और धालेड़ा भूरी-भड़ाज सड़क—का उद्घाटन किया गया।

ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधायक पटेल ने कहा कि क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा, सड़कें विकास की पहली सीढ़ी होती हैं। गांव-ढाणी तक मजबूत और चौड़ी सड़कें पहुंचने से आवागमन सुगम होगा, व्यापार, शिक्षा और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और आमजन के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा।

उप स्वास्थ्य केंद्र के उद्घाटन अवसर पर उन्होंने कहा कि यह भवन ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, जिससे प्राथमिक उपचार, मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाएं और अन्य आवश्यक सुविधाएं गांव में ही मिल सकेंगी।

विधायक पटेल ने कहा कि विकास ही हमारी पहचान है और जनसेवा ही हमारा धर्म। उन्होंने यह भी कहा कि आजादी के 78 वर्षों बाद जहां पक्की सड़कें नहीं थीं, वहां अब मजबूत सड़कें बन रही हैं, जिनसे विद्यार्थियों, बुजुर्गों, किसानों और आपात स्थिति में मरीजों को सीधा लाभ मिलेगा।

कार्यक्रमों में भूरी-भड़ाज सरपंच कैलाश स्वामी, द्वारिकपुरा सरपंच रोहिताश, भाजपा एससी मोर्चा के प्रदेश महामंत्री एडवोकेट सुबेसिंह मोरोडिया, जिला पार्षद तेजपाल, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष कमल सैनी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।



