News Chakra

कोटपूतली-बहरोड़ जिले के पुलिस थाना बहरोड़ सदर ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार भी जब्त की है।

बहरोड़ में नाबालिग से दुष्कर्म का फरार आरोपी गिरफ्तार

जानकारी के अनुसार आरोपी संदीप कुमार उर्फ सोनू उर्फ लटूर (29) निवासी इन्द्रा कॉलोनी, अशोक विहार बहरोड़ को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी थाना बहरोड़ का हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ पहले से ही कुल 19 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

यह कार्रवाई महानिरीक्षक पुलिस जयपुर रेंज के निर्देशन और जिला पुलिस अधीक्षक कोटपूतली-बहरोड़ के मार्गदर्शन में की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीमराणा सुरेश खींची एवं वृताधिकारी बहरोड़ सचिन शर्मा के सुपरविजन में थानाधिकारी दिनेश कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन कर आरोपी की तलाश शुरू की गई थी।

ऐसे दिया वारदात को अंजाम : मामले में 17 मार्च 2026 को पीड़िता के परिजन ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी, जिसमें बताया गया कि आरोपी रात के समय घर में घुसकर उनकी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर तुरंत जांच शुरू कर दी।

मुखबिर की सूचना से पकड़ा गया आरोपी : घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तकनीकी व मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की। इसके बाद दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया गया और उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट कार को भी जब्त कर लिया गया।

विशेष टीम की रही अहम भूमिका : इस कार्रवाई में थानाधिकारी दिनेश कुमार के नेतृत्व में जयपाल सउनि, सुरेन्द्र सिंह सउनि, साईबर सैल के सन्दीप कुमार हैडकांस्टेबल, नवीन कुमार, शेरसिंह, देवीसिंह, पवन कुमार एवं महिला कांस्टेबल सुषमा सहित पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस द्वारा आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है तथा मामले में आगे की जांच जारी है।

Categories:
Avatar photo