राजस्थान में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह (01 से 31 जनवरी 2026) के तहत सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और जन-जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नीमराना पुलिस द्वारा व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस, यातायात राजस्थान, जयपुर के निर्देशानुसार तथा कोटपूतली–बहरोड़ जिला पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र कुमार विश्नोई (IPS) के निर्देशन में संचालित किया जा रहा है।

अभियान के दौरान नीमराना एएसपी सुरेश खींची एवं डीएसपी सुश्री चारुल गुप्ता (RPS) के निकटतम सुपरविजन तथा थानाधिकारी राजेश कुमार (पु.नि.) के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अब तक लगभग 10 हजार से अधिक व्यक्तियों के साथ बैठकें आयोजित कर यातायात नियमों की जानकारी दी, वहीं करीब 3 हजार हेलमेट दुपहिया वाहन चालकों एवं श्रमिकों को वितरित किए गए।

औद्योगिक क्षेत्र में विशेष जापानी जोन स्थित सुमीरिको ऑटो पार्ट्स इंडिया प्रा.लि. में विशाल जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र कुमार विश्नोई, एएसपी सुरेश खींची, डीएसपी चारुल गुप्ता एवं थानाधिकारी राजेश कुमार की उपस्थिति में कंपनी के प्रबंध निदेशक तोशिका मात्सुबारा सहित सैकड़ों कर्मचारियों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई।

पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र कुमार विश्नोई ने इस अवसर पर कहा की हेलमेट और सीट बेल्ट केवल चालान से बचने के साधन नहीं, बल्कि जीवन रक्षक उपकरण हैं। सड़क पर आपकी एक लापरवाही पूरे परिवार को संकट में डाल सकती है।
मोहनलाल दयाल विनय मंदिर स्कूल के समीप से भव्य हेलमेट एवं बाइक जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रैली के माध्यम से आमजन को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने और यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया गया।
पुलिस थाना नीमराना में स्कूली बच्चों एवं आमजन के लिए विशेष सत्र आयोजित किए गए। बच्चों को थाना कार्यप्रणाली से अवगत कराते हुए सड़क संकेत, यातायात नियम एवं दुर्घटनाओं से बचाव की जानकारी दी गई। इस दौरान रोटरी बैंक के माध्यम से वीडियो प्रदर्शन कर जागरूकता बढ़ाई गई।
‘स्लो डाउन, चेकिंग अहेड’ अभियान के तहत रात्रि में तेज गति, बिना हेलमेट व गलत दिशा में चलने वाले वाहनों के खिलाफ सघन नाकाबंदी की गई। गलत दिशा में वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध दो प्रकरण दर्ज कर वाहन जब्त किए गए।
थानाधिकारी राजेश कुमार ने बताया राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह को केवल अभियान नहीं, बल्कि जन-आंदोलन का रूप दिया जा रहा है। माह के अंत तक यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
नीमराना पुलिस का यह प्रयास सड़क सुरक्षा को लेकर आमजन में जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक सशक्त और प्रभावी पहल के रूप में देखा जा रहा है।



