कोटपूतली (राजेश कुमार हाडिया)। जयपुर रेंज में चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन एंटी वेनम (NDPS)” के तहत बहरोड़ थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक महिला को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 2.891 किलोग्राम गांजा बरामद किया है।

महानिरीक्षक पुलिस जयपुर रेंज राहुल प्रकाश (IPS) एवं जिला पुलिस अधीक्षक कोटपूतली-बहरोड़ सतवीर सिंह (IPS) के निर्देशानुसार चलाए जा रहे इस अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीमराणा सुरेश कुमार खींची के निर्देशन एवं पुलिस उप अधीक्षक बहरोड़ सचिन शर्मा (RPS) के सुपरविजन में कार्रवाई की गई।
थानाधिकारी बहरोड़ अंकित कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने 31 मार्च को गश्त व चेकिंग के दौरान दहमी से काकरदोपा मार्ग पर कंजर बस्ती क्षेत्र में आंगनबाड़ी केंद्र के पास एक महिला को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा। पुलिस को देखकर महिला ने हाथ में पकड़ी लाल पॉलिथीन छिपाने का प्रयास किया, जिस पर संदेह होने पर तलाशी ली गई।
तलाशी में पॉलिथीन से 2.891 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी महिला सुशीला (34) निवासी कंजर बस्ती, दहमी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ इस प्रकार की सघन कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी और अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।



