पावटा (राजेश कुमार हाडिया)। मकर संक्रांति के पावन अवसर पर श्री बाबा भोमियां गौशाला, पाथरेड़ी में 18वां वार्षिकोत्सव बड़े ही श्रद्धाभाव और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। पर्व, परंपरा व लोक संस्कृति के सुंदर संगम के बीच आयोजित इस वार्षिकोत्सव में गौसेवा के प्रति ग्रामीणों का भाव विशेष रूप से देखने को मिला। उत्सव का मुख्य उद्देश्य गौशाला संचालन हेतु सहयोग राशि (चंदा) एकत्रित करना रहा, जिसमें स्थानीय नागरिकों सहित भामाशाहों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम में राजस्थानी लोक कलाकारों द्वारा नेहड़ा प्रस्तुति ने चार चांद लगा दिए। लोक गायक मंडली की पारंपरिक धुनों व मनमोहक गायकी पर उपस्थित जन समूह देर रात तक झूमता दिखाई दिया। कार्यक्रम का संचालन महेश रावत ने संयमित व प्रभावी ढंग से किया।

समारोह में सरपंच रामस्वरूप, उपसरपंच राजकुमार, पूर्व सरपंच शिम्भू दयाल मीणा, धूड़ाराम डाबड़, गौशाला संरक्षक हिम्मत सिंह, अध्यक्ष रोहिताश राठी, उपाध्यक्ष बलवीर सिंह, सचिव योगेश मीणा, विरेन्द्र यादव समेत ग्रामीणजन व गौभक्त उपस्थित रहे।
स्थानीय जनों का कहना है कि इस प्रकार के आयोजन न केवल लोककला एवं संस्कृति को संजीवित करते हैं बल्कि गौसेवा के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी और भावनात्मक जुड़ाव को भी प्रोत्साहित करते हैं। पर्व के अवसर पर गौशाला में उमड़े भक्तों के उत्साह ने यह संदेश दिया कि जनसहयोग से सेवा कार्यों को और अधिक गति मिल सकती है।



