प्रागपुरा थाना क्षेत्र के पावटा कस्बे में इन दिनों जेबकतरी की घटनाएं लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं। विशेष रूप से बस स्टैंड और बसों में चढ़ते-उतरते समय सक्रिय गिरोह यात्रियों को निशाना बना रहा है। ताजा मामला पावटा बस स्टैंड का सामने आया है, जहां एक यात्री से हजारों रुपये पार कर लिए गए।

जानकारी के अनुसार पावटा निवासी महेश सोनी पुत्र राधेश्याम सोनी जब बस में सवार हो रहे थे, उसी दौरान भीड़-भाड़ का फायदा उठाते हुए अज्ञात महिलाओं के गिरोह ने उनकी जेब से करीब 22 हजार रुपये नकद पार कर लिए। बताया जा रहा है कि बस में चढ़ने-उतरने के दौरान धक्का-मुक्की के बीच बड़ी सफाई से इस वारदात को अंजाम दिया गया।
घटना का पता चलने पर पीड़ित महेश सोनी ने प्रागपुरा थाने में परिवाद देकर मामले की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बस स्टैंड पर इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं, जिससे यात्रियों में भय का माहौल है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि बस स्टैंड एवं अन्य भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर गश्त बढ़ाई जाए और संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखी जाए, ताकि इस प्रकार की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
पुलिस प्रशासन ने भी आमजन से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने की अपील की है।


