भीषण गर्मी के दौर में बेजुबान पशु-पक्षियों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “परिंडा लगाओ, परिंदा बचाओ” अभियान को पावटा में नई ऊर्जा मिली। सोमवार को माता सुंदरी देवी सर्व समाज उत्थान समिति, पावटा के तत्वावधान में मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में पोस्टर का विमोचन किया गया तथा पक्षियों के लिए पानी के परिंडे लगाए गए।

कार्यक्रम मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी धरमवीर जिंदोलिया के सानिध्य में आयोजित हुआ। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि भीषण गर्मी में पशु-पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था करना सच्ची मानव सेवा है और प्रत्येक व्यक्ति को इस दिशा में आगे आना चाहिए।

एनजीओ संयोजक एवं सामाजिक कार्यकर्ता मोहनलाल सैनी ने बताया कि संस्था द्वारा यह अभियान लगातार विस्तार पा रहा है। गांव-गांव और ढाणी-ढाणी तक पहुंचकर पशु-पक्षियों के लिए पानी की समुचित व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि वे भी अपने घरों और आसपास परिंडे लगाकर इस अभियान से जुड़ें।
उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में जल की कमी के कारण पक्षियों और पशुओं को भारी संकट का सामना करना पड़ता है। ऐसे में यह छोटा सा प्रयास उनके जीवन को बचाने में अहम भूमिका निभा सकता है। यह अभियान न केवल सेवा का माध्यम है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और जीवों के प्रति संवेदनशीलता का संदेश भी देता है।
इस अवसर पर शिक्षाविद गजानंद टीलावत, अशोक शर्मा (गुरुजी), राजेंद्र प्रसाद शर्मा, हितेंद्र लाटा, राजेंद्र कुमार सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर अभियान को और व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।



