पावटा (राजेश कुमार हाडिया)। पीएम श्री महात्मा गांधी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय प्रागपुरा में राष्ट्रीय आविष्कार अभियान (RAA) के तहत विज्ञान, गणित एवं प्रौद्योगिकी पर आधारित विशेष मार्गदर्शन एवं परामर्श व्याख्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रख्यात शिक्षाविद मूलचंद वैश्य मुख्य अतिथि रहे, जबकि अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य विपिन कुमार मामोडिया ने की।

मुख्य अतिथि मूलचंद वैश्य ने विद्यालय प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि “वैज्ञानिक सोच, तार्किक दृष्टि और रचनात्मकता न केवल विद्यार्थियों का भविष्य बेहतर बनाती है, बल्कि देश की प्रौद्योगिकी क्षमता को भी नई दिशा देती है।”

प्रधानाचार्य विपिन कुमार मामोडिया ने कहा कि विज्ञान–तकनीक एवं गणित पर आधारित परामर्श प्रक्रिया विद्यार्थियों को करियर लक्ष्यों की पहचान करने में सहायक होती है। उन्होंने कहा कि विद्यालय द्वारा भविष्य में भी ऐसे शैक्षणिक एवं नवाचार उन्मुख कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को बेहतर दिशा देने का प्रयास जारी रहेगा।

कार्यक्रम में वक्ताओं प्रकाश चंद गुर्जर, निखिल गुप्ता और पूनम यादव ने विज्ञान एवं नवाचार आधारित करियर संभावनाओं, आधुनिक शोध संस्थानों, स्टार्टअप संस्कृति तथा प्रौद्योगिकी के उभरते क्षेत्रों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को वैज्ञानिक दृष्टि विकसित कर प्रयोगशीलता एवं निरंतर सीखने के प्रति प्रवृत्त होने का आह्वान किया।

सुनिल कुमारी यादव ने कहा कि “वैज्ञानिक शिक्षा विद्यार्थियों में आत्मविश्वास के साथ संवाद कौशल, समस्या समाधान तथा नवाचार क्षमता का विकास करती है।”
संजीता देवी ने बताया कि रोबोटिक्स, एआई, एयरोस्पेस, हेल्थ टेक, डेटा साइंस एवं अनुसंधान संस्थानों में करियर की संभावनाएं तेजी से बढ़ रही हैं तथा राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर की संस्थाओं में विज्ञान आधारित भविष्य अत्यंत संभावनाशील है।
शिक्षक अरविंद कुमार शर्मा ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के उभरते क्षेत्रों से जोड़कर कौशल विकास एवं करियर अवसरों से परिचित कराना था। विशेषज्ञों ने ऑनलाइन तथा ऑफलाइन दोनों माध्यमों से विद्यार्थियों के प्रश्नों का समाधान करते हुए विज्ञान और तकनीक को जीवन, समाज एवं रोजगार से जोड़कर समझाया।
व्याख्याता मालाराम यादव ने कहा कि यह पहल ग्रामीण विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति जिज्ञासा एवं नवाचार की भावना को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम का समापन आभार प्रस्ताव के साथ हुआ।
इस अवसर पर व्याख्याता धोलाराम यादव, रामजीलाल गुर्जर, मुकेश जाट, वरिष्ठ शिक्षक गोविंद सिंह शेखावत, मुकेश कुमार यादव, उमाशंकर योगी, रजनी बाला योगी, सुनील कुमार यादव, धनी यादव, सुशीला कुमारी मीणा, कृष्णा यादव एवं पुष्पा कुमारी सहित विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा।



