कोटपूतली (राजेश कुमार हाडिया)। राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सोमवार को जिला कोटपूतली-बहरोड़ के समस्त पुलिस कार्यालयों, पुलिस थानों, चौकियों एवं रिजर्व पुलिस लाइन में देशभक्ति से ओतप्रोत भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पूरे जिले में एक साथ सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत का गान कर स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति श्रद्धा व्यक्त की गई।

जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में एसपी सतवीर सिंह की मौजूदगी में अधिकारियों व पुलिसकर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर एएसपी नाजिम अली खान सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में ‘वंदे मातरम्’ का गायन कर वातावरण को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने महान स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को श्रद्धापूर्वक याद किया। साथ ही राष्ट्रगीत के ऐतिहासिक महत्व और स्वतंत्रता संग्राम में इसकी भूमिका पर भी प्रकाश डाला गया।

जिला पुलिस द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों एवं पुलिसकर्मियों में देशप्रेम की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना तथा राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के ऐतिहासिक योगदान को स्मरण करना रहा। कार्यक्रम में स्थानीय गणमान्य नागरिकों ने भी भाग लेकर देशभक्ति के इस आयोजन को और अधिक गरिमामय बनाया।

इस सामूहिक आयोजन से पूरे जिले में राष्ट्रप्रेम और एकता का संदेश प्रसारित हुआ तथा स्वतंत्रता संग्राम के महान बलिदानों को याद करने का भावपूर्ण अवसर मिला।




