कस्बे के राजकीय बीडीएम जिला अस्पताल कोटपूतली में गुरुवार को अर्जेंट ब्लड की आवश्यकता पड़ने पर समाजसेवियों ने तत्परता दिखाते हुए मानवता का परिचय दिया। कोटपूतली-बहरोड़ एससी प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष एवं पूर्व पार्षद तारा पूतली के नेतृत्व में जयकिशन शर्मा, शीशराम जाट, रविकांत शर्मा एवं दिनेश कुमार ने अस्पताल के ब्लड बैंक पहुंचकर स्वैच्छिक रक्तदान किया।

इस अवसर पर तारा पूतली ने कहा कि रक्तदान महादान है। आपात स्थिति में यदि हम समय पर किसी जरूरतमंद की मदद कर पाएं, तो इससे बड़ा पुण्य कार्य कोई नहीं। समाज के हर व्यक्ति को रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।

रक्तदाताओं ने भी कहा कि जरूरत के समय किसी की जान बचाने का अवसर मिलना सौभाग्य की बात है और भविष्य में भी वे ऐसे सामाजिक कार्यों के लिए तत्पर रहेंगे। इस दौरान बबलू सिरोहीवाल, उमेश कसाना, जेपी कसाना, उमेश वर्मा, सुरेन्द्र गुरुजी, ख्यालीराम आर्य, सुरेन्द्र मौर्य, जीतू राजपूत सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



