जयपुर-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-48 की सर्विस लाइन पर बालाजी ढाबे के पास मंगलवार देर रात अज्ञात चोरों ने एक चाय की थड़ी को निशाना बनाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर लोहे के जाल को काटकर खोखे के अंदर घुसे और वहां रखी नकदी, गैस सिलेंडर, सिगरेट के पैकेट सहित बाहर खड़ी मोटरसाइकिल चुरा ले गए। सुबह घटना का पता चलने पर पीड़ित ने प्रागपुरा पुलिस थाने में सूचना देकर कार्रवाई की मांग की।

जानकारी के अनुसार, पाथरेड़ी निवासी मस्तराम पुत्र कालूराम मीणा हाईवे किनारे मंगल्याली प्याऊ पर बालाजी ढाबे के पास चाय की थड़ी चलाते हैं। प्रतिदिन की तरह मंगलवार रात उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल (आरजे 32 एसपी 4580) थड़ी के पास खड़ी की और सो गए। थड़ी के चारों तरफ लोहे का जाल लगा हुआ था। देर रात अज्ञात चोरों ने जाल काटकर अंदर प्रवेश किया और चाय बनाने के लिए रखी एक गैस टंकी, सिगरेट के पांच पैकेट तथा गल्ले में रखे 11 हजार 700 रुपए चुरा लिए। इसके बाद बदमाश वहां खड़ी मोटरसाइकिल भी लेकर फरार हो गए।

बुधवार सुबह उठने पर मस्तराम को चोरी की वारदात का पता चला। पीड़ित ने प्रागपुरा पुलिस को घटना की सूचना देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने, चोरी हुई मोटरसाइकिल का पता लगाने और वारदात का खुलासा करने की मांग की है।