उपखंड अधिकारी बृजेश कुमार ने शुक्रवार को प्रागपुरा कस्बे की श्रीकृष्ण गौशाला का निरीक्षण कर गोवंशों के लिए चारा-पानी, साफ-सफाई और स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान गौशाला में पर्याप्त मात्रा में भूसा उपलब्ध मिला। एसडीएम ने गोवंशों की नियमित देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने बताया कि गौशाला में गोवंशों के स्वास्थ्य की निगरानी के लिए पशु चिकित्सक नियमित रूप से पहुंच रहे हैं। बीमार गोवंशों का समय पर उपचार भी कराया जा रहा है। उन्होंने गौशाला परिसर में स्वच्छता बनाए रखने और कहीं भी गंदगी एकत्रित नहीं होने देने पर विशेष जोर दिया।

एसडीएम बृजेश कुमार ने कहा कि गोवंशों को निर्धारित समय पर पर्याप्त चारा और स्वच्छ पानी उपलब्ध कराया जाए। साथ ही उनके स्वास्थ्य पर लगातार नजर रखी जाए, ताकि बीमार होने की स्थिति में तत्काल उपचार मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि गोवंशों की देखभाल और व्यवस्थाओं के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
इस दौरान गौशाला कमेटी अध्यक्ष एवं भामाशाह बजरंग लाल, महिपाल चौधरी, मेघराज शर्मा, रोहिताश यादव, दिलीप मुलोदिया सहित अनेक गौसेवक मौजूद रहे।