मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के आदर्शों को जीवन में अपनाकर ही समाज में शांति, सद्भावना और भाईचारे की स्थापना की जा सकती है। आपसी वैमनस्य, जातिगत भेदभाव और वैचारिक मतभेदों को भुलाकर एकजुटता से रहना ही वास्तविक राम राज्य है। यह बात कांग्रेस जिलाध्यक्ष इन्द्रराज गुर्जर ने बुधवार रात पावटा कस्बे में आयोजित श्रीरामलीला के समापन समारोह में कही।

घंटाघर स्थित शिशु वाटिका के सामने श्री आदर्श रामलीला मंडल पावटा के तत्वावधान में 3 अक्टूबर से आयोजित रामलीला का समापन भगवान श्रीराम के राज्याभिषेक के साथ हुआ। रावण वध के बाद आयोजित राज्याभिषेक समारोह में मुख्य अतिथि इन्द्रराज गुर्जर ने भगवान श्रीराम का राजतिलक किया। इस दौरान श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का माहौल रहा।

गुर्जर ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन मर्यादा, त्याग, कर्तव्य और आदर्शों का प्रतीक है। युवा पीढ़ी को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर संस्कारवान समाज के निर्माण में योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि रामलीला हमारी गौरवशाली सांस्कृतिक परंपरा का अभिन्न हिस्सा है। पावटा में हर वर्ष की तरह इस बार भी रामलीला का भव्य आयोजन होना सराहनीय है। उन्होंने आयोजन के लिए रामलीला मंडल और स्थानीय कलाकारों की प्रशंसा करते हुए उनका आभार जताया।

राज्याभिषेक से पहले पुजारी मुनि वशिष्ठ ने वेद मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना करवाई। भगवान श्री गणेश, रामायण जी और श्रीराम दरबार की पूजा के बाद श्रीराम स्तुति एवं आरती की गई। अतिथियों ने भगवान श्रीराम और माता सीता का तिलक कर उन्हें राजमुकुट पहनाया तथा क्षेत्र में सुख-शांति और विकास की कामना की। समारोह में स्थानीय कलाकारों को सम्मानित किया गया। रामलीला मंडल की ओर से अतिथियों का माल्यार्पण कर प्रतीक चिह्न भेंट किए गए। मंडल अध्यक्ष योगेश शर्मा ने सभी अतिथियों, सहयोगियों और दर्शकों का आभार व्यक्त किया।
समापन अवसर पर हनुमान जी द्वारा भरत को भगवान श्रीराम के आगमन की सूचना देने, पुष्पक विमान से श्रीराम के अयोध्या लौटने और भरत मिलाप के प्रसंगों का मंचन किया गया। इसके बाद राज्याभिषेक की लीला ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
राम की भूमिका लक्की भारद्वाज, लक्ष्मण की शुभम शर्मा, सीता की तनुज शर्मा, वशिष्ठ की उमेश टांक और रावण की विकास पुजारी ने निभाई। व्यास पीठ पर योगेश शर्मा रहे, जबकि निर्देशन मोहन गौड़ ने किया। मंडल अध्यक्ष योगेश शर्मा, उपाध्यक्ष नरेंद्र गौड़, सोनू अग्रवाल, सावर बोहरा, दीपक पटेल और रामशरण बोहरा सहित अन्य पदाधिकारी आयोजन में जुटे रहे। कोषाध्यक्ष विकास पुजारी और ललित शर्मा सहित मंडल के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
समारोह में किशन गोयल, बलदेव गोयल, महेंद्र गोयल, सुरेश नयावासी, दिनेश टोरडा वाले, रामावतार नयावासी, निर्मल पंसारी, नितेश गुप्ता, अनूप, शंकर मीणा, सुरेश मीणा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और रामलीला प्रेमी उपस्थित रहे।