निकटवर्ती ग्राम बड़नगर के मुख्य बस स्टैंड स्थित श्री श्याम मंदिर परिसर में श्री श्याम शक्ति मंडल के तत्वावधान में सोमवार रात्रि 33वां वार्षिकोत्सव महोत्सव एवं विराट भजनामृत गंगा का आयोजन भक्ति और उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति में आयोजित श्याम जागरण देर रात तक भक्तिरस में सराबोर रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ गायक विनोद बंसल द्वारा गणेश वंदना से किया गया। इसके पश्चात गोपालदास बगीची के महंत ज्ञानदास जी महाराज के करकमलों द्वारा अखण्ड ज्योति एवं दीप प्रज्वलन किया गया। आरती, छप्पन भोग और प्रसाद वितरण के साथ वातावरण भक्तिमय हो उठा। मंदिर परिसर में सजी नयनाभिराम झांकियां और श्याम बाबा का अलौकिक श्रृंगार श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा। मंडल अध्यक्ष सुंदर सिंह शेखावत के नेतृत्व में आमंत्रित कलाकारों का स्वागत किया गया।

भजन संध्या में जयपुर की बाल कलाकार निव्या शर्मा, सीकर से पधारे गायक नरेश सिंह शेखावत, जयपुर की खुश्बू राठौड़ एवं सीमा शेखावत, झुंझुनू के कमलेश प्रजापति, धर्मेन्द्र शर्मा, रमेश जिंदल बबलू, कूजेता के दाताराम गुरूजी ने मधुर भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया।
पचलंगी-कुंजेता के हरि कृष्ण शर्मा ने जीवित सर्पों के साथ तेजाजी महाराज की आकर्षक झांकी एवं अंगारों पर नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं चिराग महाकाली आर्ट ग्रुप महेन्द्रगढ़ (रेवाड़ी) और रफीक एंड म्यूजिकल ग्रुप भांकरी द्वारा विभिन्न अवतारों की सजीव झांकियां प्रस्तुत की गईं। रामप्रकाश शाहपुरा द्वारा सुसज्जित श्याम बाबा का भव्य दरबार विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
गोपाल मंदिर बड़नगर के धीरमदास जी महाराज एवं श्री वेणी प्रसाद जी मंगल (पाथरेड़ी) सहित मंडल पदाधिकारियों ने बताया कि 33वीं पदयात्रा 22 फरवरी 2026 को प्रातः 8 बजे बड़नगर से खाटूश्याम के लिए रवाना होगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेंगे।
इस अवसर पर दीप सिंह शेखावत, घिसा सिंह, मुकेश योगी, राजू जाट, लवली सैन, बजरंग सिंह शेखावत, जगदीश कुमावत, गुलझारी लाल, मालीराम बाज्या, नरेश सिंह, सुनिल सिंह, हरिसिंह कुमावत, सतबीर सिंह, मुकेश अग्रवाल, मोतीलाल अग्रवाल, ठेकेदार किशन, हनुमान बदाला, कैलाश बाज्या, मालीराम यादव, पूरण यादव, मुकेश योगी समेत क्षेत्र के अनेक गणमान्यजन एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। पूरा आयोजन श्याम नाम की गूंज और भक्तिभाव से ओतप्रोत रहा।



