कोटपूतली-बहरोड़ जिले से विराटनगर विधानसभा के विधायक कुलदीप धनखड़ ने माली-सैनी समाज की 11 सूत्रीय मांगों का मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन
विराटनगर विधानसभा से क्षेत्रीय विधायक कुलदीप धनखड़ ने मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा को ज्ञापन देकर माली, सैनी, कुशवाह, सुमन, भोई, मौर्य सहित संबंधित समाजों की आरक्षण समेत 11 सूत्रीय लंबित मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने का आग्रह किया है।

विधायक धनखड़ ने बताया कि आरक्षण संघर्ष समिति राजस्थान के प्रदेशाध्यक्ष चन्द्र प्रकाश सैनी के नेतृत्व में समाज की विभिन्न मांगों को लेकर विस्तृत ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। ज्ञापन में समाज को पृथक 12 प्रतिशत आरक्षण प्रदान करने की प्रमुख मांग रखी गई है।

इसके अलावा महात्मा ज्योतिबा फुले बोर्ड को देवनारायण बोर्ड की तर्ज पर पूर्ण वित्तीय व प्रशासनिक अधिकार देने, बोर्ड में पदाधिकारियों की शीघ्र नियुक्ति करने, संत श्री लिखमीदास महाराज की जन्मस्थली नागौर को राष्ट्रीय स्मारक घोषित करने तथा आंदोलन के दौरान युवाओं पर दर्ज प्रकरणों को वापस लेने की मांग भी शामिल है।
ज्ञापन में बागवानी विकास बोर्ड के गठन, फुले दंपति को भारत रत्न से सम्मानित करने और भारतीय सेना में सैनी रेजिमेंट गठित करने सहित कुल 11 मांगों के त्वरित निस्तारण की बात कही गई है।
विधायक कुलदीप धनखड़ ने मुख्यमंत्री से इन मांगों पर संवेदनशीलता के साथ विचार कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का अनुरोध किया, ताकि समाज की लंबे समय से लंबित समस्याओं का समाधान हो सके।



