राज्य सरकार द्वारा शुक्रवार देर रात जारी की गई 64 आईपीएस अधिकारियों की तबादला सूची में कोटपूतली-बहरोड़ जिले के पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र कुमार बिश्नोई का भी स्थानांतरण कर दिया गया है। हाल ही में 1 जनवरी 2026 को उन्हें डीआईजी पद पर पदोन्नति मिली थी, जिसके बाद से ही उनके तबादले की चर्चाएं चल रही थीं। सरकार ने उन्हें आरपीटीसी जोधपुर में उप महानिरीक्षक (डीआईजी) के पद पर नियुक्त किया है।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2012 बैच के आईपीएस अधिकारी देवेन्द्र कुमार बिश्नोई मूल रूप से आरपीएस से पदोन्नत होकर आईपीएस बने थे। उन्हें 19 जुलाई 2025 को नवगठित कोटपूतली-बहरोड़ जिले की पुलिस की कमान सौंपी गई थी। जिले में कार्यकाल के दौरान ही उन्हें डीआईजी पद पर प्रमोशन मिला। इससे पहले वर्ष 2011 बैच के आईपीएस अधिकारी राजन दुष्यंत भी कोटपूतली-बहरोड़ में एसपी रहते हुए डीआईजी पद पर पदोन्नत हुए थे।
बिश्नोई के स्थान पर अब वर्ष 2015 बैच के आईपीएस अधिकारी सतवीर सिंह को जिले का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। उनका स्थानांतरण पुलिस अधीक्षक इंटेलीजेंस, पुलिस मुख्यालय जयपुर से किया गया है। इससे पहले उन्हें 19 जुलाई 2025 को एसपी एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स से पुलिस मुख्यालय में एसपी इंटेलीजेंस लगाया गया था, जहां से करीब 9 माह बाद उन्हें कोटपूतली-बहरोड़ भेजा गया है।
सतवीर सिंह वर्ष 1998 में आरपीएस सेवा में भर्ती हुए थे और बाद में पदोन्नत होकर आईपीएस बने। आरपीएस से आईपीएस पदोन्नत होकर कोटपूतली-बहरोड़ जिले के पुलिस अधीक्षक बनने वाले वे लगातार तीसरे अधिकारी हैं। इससे पहले जिले में क्रमशः रंजीता शर्मा, ज्येष्ठा मैत्रेयी और वंदिता राणा महिला आईपीएस अधिकारियों के रूप में एसपी रह चुकी हैं।
सरकार की इस नियुक्ति से यह संकेत मिल रहा है कि कोटपूतली-बहरोड़ जिले की जटिल कानून व्यवस्था को संभालने के लिए अनुभवी अधिकारियों को प्राथमिकता दी जा रही है। नव नियुक्त एसपी सतवीर सिंह सोमवार को अपना कार्यभार ग्रहण करेंगे। उनके सामने जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करना, बढ़ते अपराधों पर अंकुश लगाना और सक्रिय आपराधिक गिरोहों पर नियंत्रण स्थापित करना जैसी महत्वपूर्ण चुनौतियां रहेंगी।


