स्वच्छता के प्रति समर्पण और महापुरुषों के प्रति सम्मान की भावना हो तो साधारण व्यक्ति भी समाज के लिए प्रेरणा बन जाता है। ऐसा ही उदाहरण पावटा-प्रागपुरा नगरपालिका क्षेत्र के प्रागपुरा कस्बे में देखने को मिल रहा है। यहां सुभाष चौक की नियमित साफ-सफाई करने और नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा की देखरेख में जुटे राजू वाल्मिकी का रविवार दोपहर स्थानीय लोगों ने माला व साफा पहनाकर सम्मान किया।

राजू वाल्मिकी नगरपालिका में निर्धारित ड्यूटी के अतिरिक्त समय निकालकर प्रतिदिन करीब दो घंटे कस्बे की साफ-सफाई करते हैं। इसके साथ ही वे सप्ताह में दो बार नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा को पानी से धोकर साफ करते हैं और कपड़े से पोंछकर स्वच्छ रखते हैं। उनका यह कार्य स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी और महापुरुषों के सम्मान के प्रति समर्पण को दर्शाता है।

मुख्य बाजार स्थित सुभाष चौक और प्रागपुरा पुलिस थाने के सामने स्थानीय लोगों ने उनके सेवा भाव की सराहना करते हुए सम्मानित किया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जितेन्द्र यादव और विक्रम मीणा ने कहा कि राजू वाल्मिकी का निस्वार्थ सेवा भाव समाज के लिए प्रेरणादायक है। वे बिना किसी स्वार्थ के कस्बे की स्वच्छता में योगदान दे रहे हैं।
विक्रम मीणा ने कहा कि राजू जैसे कर्मठ और जिम्मेदार व्यक्ति समाज के लिए मिसाल हैं। उनका कार्य संदेश देता है कि सेवा और समर्पण से समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।