जिला पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह (आईपीएस) ने बताया कि रविवार को जिला कलक्ट्रेट सभागार में राजस्थान के मुख्यमंत्री के ऑनलाइन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जयपुर में 100 नवीन कालिका पेट्रोलिंग यूनिट के शुभारंभ के अवसर पर महिला यूथ सीएलजी सदस्यों के साथ आयोजित संवाद से जुड़ा था। कार्यक्रम में महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण और अपराधों की रोकथाम से संबंधित विभिन्न विषयों पर जानकारी दी गई।

संवाद के दौरान महिलाओं को राजकॉप एप, महिला गरिमा हेल्पलाइन नंबर 1090, आपातकालीन हेल्पलाइन 112 तथा साइबर अपराधों से बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से बताया गया। साइबर ठगी की घटना होने पर हेल्पलाइन नंबर 1930, आधिकारिक वेबसाइट cybercrime.gov.in अथवा संबंधित पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई। इसके साथ ही यातायात नियमों की पालना, सड़क सुरक्षा, महिला अपराध और पॉक्सो एक्ट के संबंध में भी जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में महिला यूथ सीएलजी सदस्यों की समस्याओं को सुना गया और उनके निस्तारण के लिए आवश्यक पहल की गई। आगामी पंचायत राज आम चुनाव-2026 तथा त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और क्षेत्र में सौहार्दपूर्ण वातावरण कायम रखने को लेकर भी चर्चा की गई।

पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं और सीएलजी सदस्यों से अपराधों की रोकथाम तथा अपराधियों की धरपकड़ में पुलिस का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी आपराधिक गतिविधि की जानकारी मिलने पर पुलिस को तुरंत सूचित किया जाए। महिला यूथ सीएलजी सदस्यों ने भी अपने सुझाव रखे और जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में हरसंभव सहयोग देने की बात कही।

कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय, आपसी विश्वास को मजबूत करने तथा सामुदायिक सहभागिता बढ़ाने का संदेश दिया गया।

इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोटपूतली नाजिम अली खान (आरपीएस), वृताधिकारी कोटपूतली मदन जैफ (आरपीएस), कोटपूतली थानाधिकारी कृष्ण कुमार, एएचटीयू प्रभारी एवं पुलिस निरीक्षक अनिता कुमारी, कालिका पेट्रोलिंग यूनिट जिला कोटपूतली-बहरोड़ की महिला पुलिसकर्मी तथा महिला यूथ सीएलजी सदस्य मौजूद रहीं।