बानसूर क्षेत्र में फायरिंग और मारपीट की घटना के बाद पुलिस ने कथित ‘AM-8584’ गैंग के खिलाफ शिकंजा कसते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की अलग-अलग कार्रवाइयों में गैंग के कथित सरगना अमन मीणा सहित अन्य आरोपियों को पकड़ा गया। इनके कब्जे से बड़ी संख्या में अवैध हथियार और कारतूस बरामद होने से क्षेत्र में सक्रिय हथियारबंद गिरोहों के खिलाफ पुलिस अभियान को बड़ी सफलता मिली है।

पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह के निर्देशन में चल रहे ‘ऑपरेशन आर्म्स क्लीन’ के तहत बानसूर थाना पुलिस, जिला विशेष टीम और साइबर सेल ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नाजिम अली खान और वृत्ताधिकारी सुहासी जैन के सुपरविजन में थानाधिकारी राजेश मीणा के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपियों की धरपकड़ की।

पुलिस के मुताबिक 8 नवंबर की रात करीब 9 बजे कृष्ण कुमार अपने दोस्तों के साथ सिकंदरेवरा मंदिर के पास से लौट रहे थे। इसी दौरान पुरानी रंजिश के चलते अमन मीणा और उसके साथियों ने रास्ते में उन्हें घेरकर मारपीट की। आरोपियों ने लाठी-डंडों और हथियारों से हमला कर कृष्ण कुमार को घायल कर दिया। घटना के बाद घायल को अस्पताल पहुंचाया गया तथा पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस कार्रवाई में 14 नवंबर को रतनपुरा के गुणी वाले हनुमान मंदिर के पास से रितिक सुरेला और विकास मीणा को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से दो देशी पिस्टल, एक रिवाल्वर और तीन देशी कट्टे सहित छह हथियार तथा सात जिंदा कारतूस बरामद हुए।
इसी क्रम में पुलिस ने दांतली पहाड़ी क्षेत्र में अलवर रोड के नदी इलाके के पास घेराबंदी कर अमन मीणा को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार उसके बैग से आठ अवैध हथियार, एक अतिरिक्त मैगजीन और आठ जिंदा कारतूस मिले। इसके बाद दर्ज प्रकरणों में अनुसंधान के दौरान तेजपाल सिंह, संजय कुमार और निखिल वाल्मिकी सहित अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की गई।
गिरफ्तार आरोपियों में अमन मीणा, रितिक सुरेला, विकास मीणा, तेजपाल सिंह, संजय कुमार, निखिल वाल्मिकी और एक नाबालिग शामिल हैं। पुलिस द्वारा जारी विवरण के अनुसार कार्रवाई में कुल 14 अवैध हथियार बरामद किए गए, जिनमें 10 देशी कट्टे, तीन पिस्टल और एक रिवाल्वर शामिल हैं। इसके अलावा दो मैगजीन और 15 जिंदा कारतूस भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार इनामी अपराधियों पर कुल 1 लाख 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। कार्रवाई में जिला विशेष टीम के कांस्टेबल संजय धनखड़ और बानसूर थाने के कांस्टेबल लखन सिंह की सूचना महत्वपूर्ण रही। साइबर सेल प्रभारी संदीप कुमार ने तकनीकी सहयोग दिया।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध हथियारों की तस्करी, आपराधिक गतिविधियों और इनामी बदमाशों के विरुद्ध अभियान जारी रहेगा।