पावटा (राजेश कुमार हाडिया)। कस्बे सहित आसपास के क्षेत्र में गुरुवार को श्री हनुमान जन्मोत्सव का पर्व बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस पावन अवसर पर विभिन्न मंदिरों में सुंदरकांड पाठ, भजन-कीर्तन, यज्ञ-हवन और विशाल भंडारों का आयोजन किया जाएगा। प्रागपुरा कस्बे में प्रतिवर्ष की भांति इस बार भी क्यारी वाले हनुमान मंदिर में भव्य मेले और कुश्ती दंगल का आयोजन होगा।

मेले की पूर्व संध्या पर उद्योगपति संतोष बंसल के सानिध्य में पंडित मनीष शास्त्री द्वारा विधिवत पूजा अर्चना कर हवन यज्ञ एवं सामूहिक सुंदरकांड पाठ का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इसके पश्चात पंगत प्रसाद के रूप में श्रद्धालुओं को भोजन भी कराया गया।

मंदिर पुजारी बद्री दास महाराज ने जानकारी देते हुए बताया कि 2 अप्रैल को प्रातः 7:15 बजे प्रागपुरा पुलिस थाने के पास स्थित गढ़ी मंदिर से क्यारी वाले हनुमान मंदिर तक श्रीराम ध्वज पताका एवं कलश यात्रा निकाली जाएगी। इसके साथ ही भगवान संकट मोचन की अर्क पुष्पों से सहस्त्र अर्चना भी की जाएगी।
समाजसेवी अमित बंसल ने बताया कि मेले के दौरान श्रीराम कीर्तन, संत प्रवचन, श्रीराम चरित मानस वितरण एवं रामायण प्रदर्शनी जैसे धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिससे वातावरण पूर्णतः भक्तिमय रहेगा। दोपहर बाद कुश्ती दंगल का भी आयोजन रखा गया है, जिसमें दूर-दराज से पहलवान भाग लेंगे।
इस दौरान पूर्व सरपंच एलन स्वामी, प्रवीण बंसल, अरूण बंसल, प्रमोद बंसल, नितिन बंसल, नरेश कुमार स्वामी, राहुल मीणा, रोहित मीणा, मुकेश सैनी, संजय मीणा, राजू यादव, वेदप्रकाश मीणा, मिंटू शर्मा समेत अन्य लोग उपस्थित रहें।
इसी प्रकार पावटा कस्बे के किले वाले हनुमान मंदिर में भी विशाल मेले और कुश्ती दंगल का आयोजन किया जाएगा, जिसके लिए प्रशासन से पुलिस जाप्ते की मांग की गई है। हनुमान जन्मोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है और बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।



