कोटपूतली-बहरोड़ जिले की ग्राम पंचायत लुनाजी निवासी मुकेश सिंह ने राजकीय बीडीएम जिला अस्पताल में संचालित पार्किंग व्यवस्था को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी को लिखित शिकायत सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।

शिकायतकर्ता मुकेश सिंह के अनुसार 16 फरवरी 2026 को सुबह करीब 10:40 बजे वे अपनी कार संख्या RJ32CA5677 से एक आपातकालीन डिलीवरी केस लेकर अस्पताल पहुंचे थे। आपात स्थिति के कारण प्रवेश के समय पार्किंग पर्ची नहीं ली गई। उपचार पूरा होने के बाद जब वे लगभग 11:18 बजे मुख्य गेट पर पहुंचे, तो उनसे 20 रुपये पार्किंग शुल्क के रूप में मांगे गए।

आरोप है कि उक्त राशि ‘फोनपे’ के माध्यम से अजय सिंह नामक व्यक्ति के खाते में जमा करवाई गई, लेकिन भुगतान के बावजूद उन्हें किसी प्रकार की रसीद या पर्ची उपलब्ध नहीं कराई गई। शिकायतकर्ता ने इसे पार्किंग व्यवस्था के नाम पर अवैध वसूली करार दिया है।

मामले के प्रकाश में आने के बाद प्रधान चिकित्सा अधिकारी ने जांच के लिए नर्सिंग सुपरिटेंडेंट (एनएस) को निर्देश जारी किए हैं। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।



