पावटा (राजेश कुमार हाडिया)। प्रागपुरा कस्बे में गुरुवार को श्री हनुमान जन्मोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया। श्री बालाजी नवयुवक मंडल एवं हनुमान जी मेला कमेटी के तत्वावधान में आयोजित इस भव्य समारोह के तहत गढ़ी स्थित बालाजी मंदिर से क्यारी वाले हनुमान मंदिर तक विशाल कलश एवं श्रीराम ध्वजा यात्रा निकाली गई। यात्रा में संतों के सानिध्य में श्रीराम दरबार की सजीव झांकी आकर्षण का केंद्र रही।

गाजे-बाजे के साथ निकली इस यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालु कलश और ध्वज लेकर शामिल हुए। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर पुष्प वर्षा एवं इत्र छिड़काव कर श्रद्धालुओं का जोरदार स्वागत किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। इस अवसर पर क्यारी वाले हनुमान मंदिर में श्रीराम नाम संकीर्तन का आयोजन किया गया, वहीं उद्योगपति एवं भामाशाह संतोष बंसल द्वारा श्रद्धालुओं को निशुल्क श्रीराम चरितमानस का वितरण किया गया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक घर में श्रीराम चरितमानस का होना और उसका नियमित पाठ करना परिवार में संस्कार, शांति और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है।

मंदिर महंत बद्री दास महाराज के सानिध्य में हनुमान जी की आकर्षक पुष्प झांकी सजाई गई, जिसके दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। कार्यक्रम के दौरान विशाल मेले एवं कुश्ती दंगल का आयोजन भी हुआ, जिसमें दूर-दराज से आए पहलवानों ने अपने दांव-पेच दिखाकर दर्शकों का मनोरंजन किया।

समाजसेवी अमित बंसल ने बताया कि मेले में श्रीराम कीर्तन, संत प्रवचन, रामायण प्रदर्शनी एवं अन्य धार्मिक कार्यक्रमों ने वातावरण को पूरी तरह आध्यात्मिक बना दिया। रात्रि में बालाजी म्यूजिकल एंड पार्टी एवं ओमकारा पार्टी द्वारा भव्य झांकियों की प्रस्तुति दी गई, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।

कार्यक्रम में पूर्व जिला पार्षद ललित गोयल, भामाशाह बजरंग लाल, प्रवीण बंसल, अरूण बंसल, मनोज सोनी, गोपाल अग्रवाल, प्रमोद बंसल, नरेश कुमार स्वामी, नितिन बंसल, राहुल मीणा, रोहित मीणा, मुकेश सैनी, संजय मीणा, राजू यादव, वेदप्रकाश मीणा, मिंटू शर्मा, सुभाष कुमावत, राजेन्द्र स्वामी, छोटू सेन, राजकुमार सैनी, ओमप्रकाश कुम्हार सहित कई गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु व मातृशक्ति उपस्थित रही।



