कस्बे के राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित हॉलीडे फन रिसोर्ट में सोमवार को विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक संगठन भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा नेता गोपाल अग्रवाल ने किया, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत पार्टी के संस्थापकों एवं महान नेताओं को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। इसके पश्चात सभी कार्यकर्ताओं ने पार्टी की विचारधारा, राष्ट्रहित और संगठन के प्रति समर्पण का संकल्प दोहराया।

इस अवसर पर भाजपा नेता गोपाल अग्रवाल ने कहा कि “भारतीय जनता पार्टी आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक शक्ति बन चुकी है। यह केवल एक पार्टी नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का एक मजबूत संकल्प है। हमें प्रत्येक घर तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाकर संगठन को और सशक्त बनाना है।”

कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। स्थापना दिवस की खुशी में पटाखे चलाए गए और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी गई। इस मौके पर भाजपा नेता रामस्वरूप धनकड़, सामाजिक कार्यकर्ता धर्मसिंह भैंसलाना, विकाश ओला, रामजीलाल यादव, रवि गुर्जर, रविंद्र शेखावत, यतेंद्र जांगिड सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम का मंच संचालन राहुल गोयल ने प्रभावी ढंग से किया। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता एवं महिला शक्ति की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिससे आयोजन को और भव्यता मिली। अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रहित में कार्य करते हुए पार्टी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का सामूहिक संकल्प लिया।



