पावटा (राजेश कुमार हाडिया)। राज्य सरकार द्वारा जयपुर में सेना दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में अधिकाधिक जन सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बुधवार को एडीएम ओमप्रकाश सहारण ने जिले के महाविद्यालयों के प्राचार्यों एवं प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उन्हें आमजन को जागरूक करने तथा अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

एडीएम ने बताया कि 9, 11, 13 एवं 15 जनवरी को जगतपुरा, जयपुर में आयोजित होने वाली सेना दिवस परेड को लेकर आमजन में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। जनसहभागिता को और बढ़ाने के उद्देश्य से अब परेड देखने के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
उन्होंने जानकारी दी कि कोई भी नागरिक स्वयं अथवा अपने परिवार के साथ सेना दिवस परेड देखने के लिए sso.rajasthan.gov.in वेबसाइट पर जाकर अपनी SSO ID से लॉगिन कर सकता है। इसके बाद Citizen App लिंक में जाकर Army Day Parade Registration पर क्लिक कर मात्र दो कॉलम भरकर पंजीकरण कराया जा सकता है। एक व्यक्ति अधिकतम दो रजिस्ट्रेशन कर सकता है, वहीं ई-मित्र के माध्यम से भी पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध है।
रजिस्ट्रेशन के उपरांत आवेदक को एक संदेश प्राप्त होगा, जिसमें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। साथ ही रूट मैप एवं पार्किंग मैप की जानकारी भी देखी जा सकेगी। यह सुविधा 6 जनवरी सायं से 14 जनवरी तक उपलब्ध रहेगी। आवेदक अपनी सुविधा अनुसार यह भी चुन सकता है कि वह किस दिन की परेड देखना चाहता है।
एडीएम ने बताया कि परेड स्थल पर प्रातः 8:45 बजे तक पहुंचना अनिवार्य होगा तथा परेड समाप्त होने से पहले स्थान छोड़ने की अनुमति नहीं होगी। सेना के प्रतिनिधियों की ओर से आमजन से अपील की गई है कि वे पंजीकरण कराकर परेड देखें, लेकिन इस दौरान कठोर अनुशासन बनाए रखें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि परेड स्थल पर ड्रोन, कैमरा, लेडीज पर्स, ज्वलनशील पदार्थ, पाउडर, बैग, किसी भी प्रकार की नुकीली या आपत्तिजनक वस्तु ले जाने की अनुमति नहीं होगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे सेना दिवस जैसे गौरवपूर्ण अवसर का साक्षी बनें और अनुशासन के साथ कार्यक्रम में सहभागिता निभाएं।



