जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और पुलिस व आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से जिला पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह ने सोमवार 16 नवंबर को कोटपूतली पुलिस थाने का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने में आयोजित जनसुनवाई में आमजन की परिवेदनाएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का त्वरित, निष्पक्ष एवं पारदर्शी समाधान करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अपराध रजिस्टरों, मालखाने, पुलिस बैरक, शस्त्रागार एवं महिला सहायता कक्ष का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अनुसंधान अधिकारियों को मामलों का प्राथमिकता से शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। साथ ही थाना परिसर में साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

एसपी सतवीर सिंह ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि थाने में आने वाले प्रत्येक परिवादी के साथ सम्मानजनक एवं संवेदनशील व्यवहार किया जाए। आमजन की शिकायतों को गंभीरता से सुनकर उनका बिना अनावश्यक देरी के निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के बाद थाना परिसर में क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों, सीएलजी सदस्यों, ग्राम रक्षकों, पुलिस मित्रों एवं सुरक्षा सखियों के साथ संवाद बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्थानीय नागरिकों ने शहर की यातायात व्यवस्था, पार्किंग की समस्या और रात्रिकालीन पुलिस गश्त को प्रभावी बनाने संबंधी सुझाव रखे। एसपी ने इन सुझावों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
बैठक में बढ़ते साइबर अपराधों की रोकथाम तथा आमजन को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाने पर भी चर्चा हुई।
एसपी ने कहा कि अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में जनसहयोग की भूमिका महत्वपूर्ण है। पुलिस और आमजन के बीच निरंतर संवाद, विश्वास और आपसी तालमेल से ही सुरक्षित वातावरण तैयार किया जा सकता है। इस दौरान थानाधिकारी कृष्ण कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।