पावटा ब्लॉक एवं प्रागपुरा पुलिस थाना क्षेत्र के ग्राम भूरा की ढाणी, धालेड़ा (तन भूरी भड़ाज) निवासी फूलचंद यादव की श्याम बाबा के दर्शन के लिए जाते समय सड़क हादसे में मृत्यु हो गई। यह दर्दनाक दुर्घटना सीकर जिले के अजीतगढ़ थाना क्षेत्र स्थित धाराजी टेक मंदिर के पास धाराजी घाटी में 26 फरवरी 2026 की रात करीब 9:30 से 10:00 बजे के बीच हुई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, फूलचंद यादव अपने साथी नत्थूराम आर्य के साथ ट्रैक्टर से श्याम बाबा के दर्शन के लिए जा रहे थे। रास्ते में धाराजी टेक मंदिर के समीप ट्रैक्टर को सड़क किनारे कच्चे में खड़ा किया गया। नत्थूराम शौच के लिए चले गए, जबकि फूलचंद यादव कच्चे में ही खड़े थे। इसी दौरान कार संख्या PB 13 BR 9257 तेज गति और लापरवाही से लहराते हुए आई और सड़क किनारे खड़े फूलचंद यादव को टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद वे गंभीर रूप से घायल हो गए। पीछे से आ रहे श्याम भक्तों और सेवा शिविर में मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें संभाला तथा पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अवस्था में उन्हें अजीतगढ़ अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर परिजन अस्पताल पहुंचे। अगले दिन पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया और गांव में अंतिम संस्कार किया गया।
मृतक के पुत्र शेरसिंह यादव द्वारा 28 फरवरी 2026 को पुलिस थाना अजीतगढ़ में लिखित रिपोर्ट दी गई। रिपोर्ट में कार चालक पर तेज गति एवं लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों ने भी हादसे की पुष्टि की।
पुलिस ने मामला दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 एवं 106(1) के तहत प्रकरण कायम किया है। जांच हेड कांस्टेबल भूपेंद्र सिंह को सौंपी गई है।
इस घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुरक्षा उपाय बढ़ाए जाएं।
प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि धार्मिक यात्रा मार्गों एवं घाटी क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतें, ताकि ऐसी दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


