न्यूज चक्र (राजेश कुमार हाडिया)। युवा दिवस के अवसर पर कोटपूतली-बहरोड़ जिला पुलिस द्वारा विद्यार्थियों व युवाओं को पुलिस की कार्यप्रणाली से अवगत कराने तथा पुलिस-जन सहयोग को सुदृढ़ करने हेतु सोमवार को विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र कुमार बिश्नोई के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम के तहत जिले के सभी पुलिस थानों पर क्षेत्र के विद्यालयों के कक्षा 09 से 12 तक के छात्र-छात्राओं को पुलिस थानों का भ्रमण करवाया गया। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को थानाधिकारी एवं पुलिस अधिकारियों द्वारा पुलिस विभाग की संरचना, थाना स्तर पर होने वाले कार्य, कानून-व्यवस्था बनाए रखने की प्रक्रिया, आपदा प्रबंधन, आपराधिक घटनाओं की रोकथाम, शिकायत दर्ज कराने की विधि, तथा आमजन की सहायता हेतु पुलिस की भूमिका के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।

विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों, साइबर अपराधों से सतर्कता, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, महिला एवं बाल सुरक्षा, बाल अधिकार एवं संरक्षण, नशे के दुष्प्रभाव, तथा पुलिस विभाग द्वारा संचालित राजकॉप सिटिजन एप एवं विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी अवगत कराया गया।

इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनके प्रश्नों के उत्तर दिए, जिससे उनमें पुलिस के प्रति विश्वास एवं सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित हो सके। विद्यार्थियों को अनुशासित जीवन जीने, कानून का सम्मान करने, तथा समाज में जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने हेतु प्रेरित किया गया।

छात्र-छात्राओं ने पुलिस थानों की कार्यप्रणाली को नजदीक से देखकर उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई तथा इस पहल की सराहना की। जिला पुलिस द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम युवाओं में जागरूकता बढ़ाने, उन्हें अपराधों से दूर रखने एवं पुलिस-आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में एक सराहनीय व महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।




