लोक आस्था के प्रमुख देवता बाबा रामदेवजी महाराज की भक्ति में प्रागपुरा कस्बा 20 सितंबर को श्रद्धा से सराबोर नजर आएगा। एक्सईएन कार्यालय के सामने अम्बेडकर नगर स्थित बाबा रामदेवजी मंदिर परिसर में बाबा रामदेव सेवा समिति एवं समस्त ग्रामवासियों के तत्वावधान में 9वें विशाल भंडारे एवं भजन-सत्संग कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

बाबा रामदेवजी मंदिर सेवा समिति के अध्यक्ष शिम्भूदयाल हाडिया ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। तेजा दशमी की पूर्व संध्या यानी भाद्रपद नवमी, रविवार 20 सितंबर को सुबह 7:15 बजे बाबा रामदेवजी की भव्य झांकी निकाली जाएगी। झांकी कस्बे के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी, जहां श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर स्वागत करेंगे।

कार्यक्रम के दौरान दोपहर 11:15 बजे बाबा रामदेवजी को भोग अर्पित करने के बाद विशाल भंडारे का आयोजन होगा। इसमें आने वाले श्रद्धालुओं को पंगत में प्रसादी वितरित की जाएगी। वहीं प्रसिद्ध लोक गायक महावीर महासी एंड पार्टी बाबा रामदेवजी की महिमा का गुणगान करेगी।

भजन-सत्संग कार्यक्रम में महावीर महासी अपनी लोक शैली में बाबा रामदेवजी के जीवन, जन्म, विवाह और लोकमान्यताओं से जुड़े प्रसिद्ध ‘परचों’ का वर्णन भजनों एवं कथा के माध्यम से करेंगे। बाबा के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था, उनके सामाजिक समरसता के संदेश और जनकल्याण से जुड़ी लोक कथाओं को भजनों के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा।
स्थानीय मान्यता में बाबा रामदेवजी को सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश देने वाले लोक देवता के रूप में श्रद्धा से याद किया जाता है। आयोजन में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
समिति अध्यक्ष शिम्भूदयाल हाडिया ने बताया कि दिनभर धार्मिक आयोजन के बाद रात में साधु-संतों एवं सत्संग मंडली द्वारा भजन-भाव किया जाएगा। तेजा दशमी के अवसर पर अगले दिन दोपहर में महाआरती के बाद धार्मिक कार्यक्रम का समापन होगा।
मंदिर के पुजारी करण दासजी महाराज ने श्रद्धालुओं से धार्मिक आयोजन में शामिल होकर बाबा रामदेवजी के दर्शन करने और भंडारा प्रसादी ग्रहण करने का आह्वान किया। समिति एवं ग्रामवासियों द्वारा आयोजन को लेकर व्यवस्थाएं की जा रही हैं।