निकटवर्ती गांव खेलना की होनहार छात्रा रेहाना खान पुत्री नवाब खान ने राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, अजमेर द्वारा घोषित 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में शानदार प्रदर्शन करते हुए 94 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपने परिवार, विद्यालय एवं पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

रेहाना खान ने कुल 500 में से 470 अंक हासिल कर अपनी मेहनत और लगन का परिचय दिया। उन्होंने पावटा स्थित सनराइज पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में अध्ययन करते हुए यह उल्लेखनीय सफलता अर्जित की।
परिजनों व क्षेत्रवासियों के अनुसार रेहाना शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी रही है और उसने कठिन परिस्थितियों के बावजूद निरंतर परिश्रम कर यह मुकाम हासिल किया है। उनके पिता नवाब खान पिकअप वाहन से बेल्डिंग कार्य कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, ऐसे में सीमित संसाधनों के बावजूद बेटी की इस उपलब्धि ने परिवार को गर्व से भर दिया।
पावटा निवासी रहिस खान सहित अनेक लोगों ने रेहाना खान को इस उत्कृष्ट परिणाम के लिए बधाई दी और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय परिवार ने भी छात्रा की इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए इसे अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।


