विद्यालय में विद्यार्थियों को दिलाई भ्रष्टाचार मुक्त भारत की शपथ
न्यूज़ चक्र/नीमराना । यूको बैंक नीमराना शाखा की ओर से सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2025 के तहत शिव पब्लिक स्कूल, मोहलरिया में गुरुवार को एक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और शिक्षकों में ईमानदारी, पारदर्शिता तथा भ्रष्टाचार के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

कार्यक्रम में विद्यालय के निदेशक अनिल यादव, प्रधानाचार्या सरिता यादव, यूको बैंक नीमराना की सहायक प्रबंधक सुदेश शौकीन, एवं वरिष्ठ ग्राहक सेवा सहायक अतेंद्र सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे। शिविर में 80 से अधिक विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने भाग लिया।
इस अवसर पर अतिथियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि ईमानदारी और पारदर्शिता से ही एक मजबूत राष्ट्र का निर्माण संभव है। विद्यार्थियों को बचपन से ही नैतिक मूल्यों और सत्यनिष्ठा का पालन करना चाहिए ताकि वे भविष्य में जिम्मेदार नागरिक बन सकें।

सहायक प्रबंधक सुदेश शौकीन ने कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण के लिए हर व्यक्ति को अपने दायित्वों का ईमानदारी से पालन करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपने जीवन में सदाचार को अपनाएं और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और बैंक कर्मचारियों ने मिलकर “सतर्कता प्रतिज्ञा” ली, जिसमें सभी ने भ्रष्टाचार मुक्त भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर बैंक की ओर से सतर्कता सप्ताह की थीम “सतर्क भारत, समृद्ध भारत” पर आधारित पोस्टर और नारे भी प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।



