पेंशनरों की समस्याओं पर चर्चा करने और उनके समाधान के लिए सामूहिक प्रयासों को मजबूत बनाने के उद्देश्य से कस्बे के बस स्टैंड स्थित हनुमान बगीची में पेंशनर समाज एवं वरिष्ठ नागरिक परिषद की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। अध्यक्ष डॉ. रामगोपाल शर्मा पांडेय और संरक्षक बजरंग लाल शर्मा के सानिध्य में हुई बैठक में बैंकिंग सेवाओं, आठवें वेतनमान, चिकित्सा सुविधाओं और जीवन प्रमाण पत्र से जुड़े विषय प्रमुखता से उठे।

बैठक में भारतीय स्टेट बैंक के शाखा प्रबंधक जितेंद्र मीणा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। अध्यक्ष डॉ. रामगोपाल शर्मा पांडेय ने उनका साफा पहनाकर और माल्यार्पण कर स्वागत किया। सावंत राम गुर्जर एवं रामगोपाल सैनी ने बैंक में पेंशनरों को होने वाली समस्याओं से अवगत कराया। इस पर शाखा प्रबंधक ने भविष्य में पेंशनरों की समस्याओं के समाधान और उन्हें बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने का भरोसा दिया।

बैठक में डॉ. रामगोपाल शर्मा पांडेय ने आठवें वेतनमान को लेकर केंद्र सरकार तथा पेंशनर समाज की ओर से की गई कार्यवाही की जानकारी दी। उन्होंने वर्तमान स्थिति से जुड़े बिंदुओं को विस्तार से समझाया। उपस्थित पेंशनरों ने अध्यक्ष के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संगठन की ओर से भविष्य में किसी भी संघर्ष का आह्वान किया जाएगा तो वे सहयोग के लिए तैयार रहेंगे।
पेंशनरों ने उपजिला चिकित्सालय में उपचार और अन्य सुविधाओं को लेकर सामने आ रही परेशानियों पर भी चर्चा की। बैठक में तय किया गया कि दीपावली के बाद संगठन का प्रतिनिधिमंडल संबंधित चिकित्सा अधिकारियों से मिलकर समस्याओं से अवगत कराएगा और समाधान की मांग करेगा।
हनुमान सहाय रैगर एवं मातादीन स्वामी ने जीवन प्रमाण पत्र अपलोड करने की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने सभी पेंशनरों से समय रहते, 30 नवंबर तक, जीवन प्रमाण पत्र जमा कराने का आग्रह किया, ताकि पेंशन संबंधी कार्यों में अनावश्यक परेशानी न आए।
अध्यक्ष डॉ. पांडेय ने संगठन के नाम पर चंदा वसूले जाने की जानकारी का उल्लेख करते हुए सदस्यों को सावधान किया। उन्होंने कहा कि संगठन में किसी प्रकार का चंदा या सदस्यता शुल्क नहीं लिया जाता है। इसलिए पेंशनर समाज के नाम पर राशि मांगने वाले व्यक्तियों से सतर्क रहें।
बैठक की मंच व्यवस्था जगदीश सैनी और कुंजबिहारी सैनी ने की। इस अवसर पर रामू सैनी, जम्मन लाल, बाबूलाल सैनी, हनुमान सहाय शर्मा, नवल किशोर सैन, रमेश जैन, अशोक शर्मा कुहाड़ा, हनुमान सहाय धानका, महेंद्र शर्मा, प्रमोद जैन, ताराचंद बुनकर, संतोष सैन और रमेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में पेंशनर उपस्थित रहे।
मीडिया प्रभारी पूर्व सैनिक जयसिंह धानका ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए वरिष्ठ नागरिकों से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, शारीरिक गतिविधियां जारी रखने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वस्थ रहकर ही वरिष्ठ नागरिक पेंशन जीवन का बेहतर आनंद ले सकते हैं।