
News Chakra@ बहरोड़। जिले के भगवाड़ी खुर्द गांव में रविवार देर रात करीब एक बजे उस समय सनसनी फैल गई, जब कुआं पूजन कार्यक्रम के बाद स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। फायरिंग की इस घटना में हरियाणा से कुआं पूजन में शामिल होने आए एक युवक की गोली लगने से मौत हो गई।

घटना में बदमाशों ने न सिर्फ कार्यक्रम स्थल पर बल्कि आसपास के दो घरों की ओर भी फायरिंग की, जिससे गांव में दहशत का माहौल बन गया। गोली लगने से मृतक की पहचान लोकेश यादव के रूप में हुई है, जो हरियाणा के नारनौल क्षेत्र के गांव मांदी का निवासी था।
जानकारी के अनुसार गोली मृतक के सीने में दाहिनी ओर लगी और बाईं ओर पसलियों में जाकर फंस गई। गंभीर हालत में युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना का कारण जमीन विवाद बताया जा रहा है। मामले में बहरोड़ सदर थाना पुलिस ने भगवाड़ी कलां निवासी सोनू शर्मा और तलवाना निवासी गौरव के खिलाफ फायरिंग और हत्या का मामला दर्ज किया है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
घटना के बाद से गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है, जिसे देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।




