विराटनगर पुलिस वृत्त में हाल ही में तैनात हुए भारतीय पुलिस सेवा के 2024 बैच के अधिकारी मर्रिपाटी नागा भरत (एम.एन. भरत) ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और पुलिस-जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में पहल शुरू कर दी है। प्रागपुरा पुलिस थाने में सीएलजी सदस्यों, ग्राम रक्षक दल एवं पुलिस मित्रों के साथ आयोजित बैठक में उन्होंने आगामी दशहरा और दीपोत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने की अपील की।

वृत्ताधिकारी भरत ने कहा कि त्योहार आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का संदेश देते हैं। सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है कि क्षेत्र में शांति बनाए रखते हुए पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने त्योहारों के दौरान सतर्कता बरतने और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी अथवा संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने का आह्वान किया।

उन्होंने बताया कि त्योहारों के मद्देनजर शहर के प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है। बाजार में यातायात व्यवस्था सुचारू रखने और जाम की स्थिति से बचने के लिए मुख्य बाजार में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ आमजन की सुरक्षा और सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

आईपीएस एम.एन. भरत ने विराटनगर वृत्त की जिम्मेदारी संभालने के बाद अपराधों की रोकथाम, अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई, महिला सुरक्षा और आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान को प्राथमिकता बताया है। उनका जोर पुलिस की कार्यप्रणाली को पारदर्शी बनाने और पीड़ितों की शिकायतों को गंभीरता से सुनने पर रहेगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी भी पीड़ित को अपनी समस्या लेकर पुलिस तक पहुंचने में झिझक महसूस नहीं होनी चाहिए।

भरत इससे पहले प्रशिक्षण के दौरान भरतपुर जिले के नदबई में थानाधिकारी के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा-2023 में उन्होंने 580वीं रैंक हासिल की थी। विराटनगर वृत्त में उनकी तैनाती के बाद स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप पुलिस व्यवस्था को मजबूत बनाने और पुलिस-जनता के बीच विश्वास बढ़ाने पर विशेष ध्यान रहने की उम्मीद है।
बैठक में एएसआई जयराम ने सीएलजी सदस्यों से क्षेत्र की समस्याओं की जानकारी ली और आपसी सहयोग बनाए रखने की अपील की। इस दौरान रमेश बंसल (मुन्ना), प्रागपुरा सदर आमिन मंसुरी, जितेन्द्र यादव, करण सैनी, इमरान हुसैन, पंकज यादव, वसीम लुहार, मुजीफ लुहार सहित सीएलजी सदस्य, ग्राम रक्षक दल के प्रतिनिधि, पुलिस मित्र एवं अन्य लोग मौजूद रहे।