जिले की सरूण्ड थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोटपूतली–बहरोड़ और सीकर जिले में घटित करीब 15 चोरी एवं नकबजनी की वारदातों का खुलासा किया है। यह कार्रवाई एसपी देवेंद्र कुमार बिष्नोई के निर्देशन, एएसपी नाजिम अली खान व डीएसपी राजेंद्र कुमार बुरड़क के सुपरविजन तथा थानाधिकारी यशपाल सिंह के नेतृत्व में गठित विशेष टीम द्वारा की गई। विशेष टीम ने जांच के दौरान पाया कि 15 जनवरी की रात ग्राम पाथरेड़ी स्थित मालेरा जोहड़ मंदिर के स्टोर रूम का ताला तोड़कर बड़ी परात, गैस सिलेंडर, भट्टी, टंकी, कड़ाही, चूल्हा आदि रसोई का सामान पिकअप में भरकर चोरी कर लिया गया था। वारदात के खुलासे के लिए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, संदिग्धों की निगरानी व मुखबिर तंत्र का सहारा लिया।

कांस्टेबल जगत सिंह को मिली सूचना के आधार पर धोलाराम उर्फ धोलू (23) पुत्र सुरेश कुमार एवं मनीष (20) पुत्र विजय भार्गव, दोनों निवासी दांतिल थाना प्रागपुरा, को पिकअप गाड़ी सहित गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने लगभग एक वर्ष से घर, दुकान, मंदिर स्टोर रूम, धर्मशालाएं, ढाणियां तथा ट्रांसफॉर्मर व पीतल/चांदी के सामान की चोरी करना स्वीकार किया। गैंग दिन में कबाड़ खरीदने के बहाने रैकी करती और रात में चोरी की वारदात को अंजाम देकर चोरी का सामान बेचकर रुपये आपस में बांट लिए जाते थे।
पूछताछ में गैंग ने 15 जनवरी 2026 को पाथरेड़ी मंदिर में दो कमरों के ताले तोड़कर भगुना, परात, गैस सिलेंडर, भट्टी व कड़ाही चोरी, मीरापुर फॉर्म के पास क्रेशर थाना प्रागपुरा से एक डीपी, पावटा नदी के पास से 03 दूध के ड्रम, ग्राम जीणगौर थाना प्रागपुरा से 2 डीपी चोरी, ग्राम पहाड़ी व कांकरा मोहम्मदपुर के बीच खेत से पीतल की कोठी चोरी, सदर नीमकाथाना जैतपुरा से पंचर दुकान के ऊपर से 09–10 पुराने टायर, भाबरू ढाणी से 03 पीतल की कोठी, अजीतगढ़ श्याम कांटा के पीछे स्टोर से मोटर, मोटर कन्वेयर, गैस चूल्हा व बर्तन चोरी, कांवट में दुकान के बाहर रखे 10 टायर व पीतल की 02 कोठी
फरवरी 2025 में बड़नगर धर्मशाला से 10 पीतल की कोठी, 11 परात, 20 सिल्वर भगुने व 02 पीतल भगुने, मण्ढा भांकरी से परात व भगुने चोरी, हरिपुरा से एक डीपी व हरदास का बास अजीतगढ़ से 03 डीपी, साँवलपुरा व हाथीदेह अजीतगढ़ से डीपी चोरी, बड़नगर थाना प्रागपुरा से 03 डीपी, गोरधनपुरा हाईवे आसपास 3–4 स्थानों से डीपी चोरी की घटनाएं कबूली है। आरोपी धोलाराम उर्फ धोलू पर थाना बानसूर व सिटी महेंद्रगढ़ (हरियाणा) में एक–एक केस दर्ज पाया गया है। पुलिस गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है। चोरी के सामान की बरामदगी एवं अन्य वारदातों की पुष्टि संबंधी कार्रवाई भी जारी है।



