प्रागपुरा थाना पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए विभिन्न स्थानों पर घरों व दुकानों में हुई चोरी की वारदातों का खुलासा किया है। उप महानिरीक्षक पुलिस सह–पुलिस अधीक्षक, जिला कोटपूतली–बहरोड़ देवेन्द्र कुमार विश्नोई (IPS) ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने एवं उनके त्वरित खुलासे हेतु एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

अभियान को सफल बनाने के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नाजिम अली खान एवं डीएसपी उमेश कुमार निठारवाल के सुपरविजन तथा थानाधिकारी भजनाराम के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
नारायणपुर मोड़ पर चार दुकानों के ताले तोड़कर नकदी चोरी
दिनांक 06 जनवरी 2026 को परिवादी विक्रम सिंह पुत्र उम्मेद सिंह (48 वर्ष) निवासी प्रागपुरा सहित अन्य दुकानदारों द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि नारायणपुर मोड़, प्रागपुरा स्थित हरिओम जनरल स्टोर, श्री श्याम मिष्ठान भंडार, एम.एस. मोबाइल और मानवी हेल्थ केयर के ताले तोड़कर अज्ञात चोरों ने नकदी चोरी कर ली।
हरिओम जनरल स्टोर से लगभग ₹10,000, श्याम मिष्ठान भंडार से करीब ₹35,000, एम.एस. मोबाइल से ₹28,000 तथा मानवी हेल्थ केयर से लगभग ₹22,000 की नकदी चोरी की गई। इस संबंध में प्रकरण संख्या 08/2026, धारा 331(4), 305(A) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
एक अन्य मामले में दिनांक 28 नवंबर 2025 को परिवादी मनोज सिंह निवासी पाचूडाला ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 27 नवंबर की रात अज्ञात चोरों ने उसके मकान में घुसकर नकदी एवं जेवरात चोरी कर लिए। इस पर प्रकरण संख्या 518/2025, धारा 331(4), 305(A) बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रागपुरा थाना पुलिस द्वारा गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए विजयपाल पुत्र ओमप्रकाश बावरिया (29 वर्ष) निवासी गडाला, थाना नीमराना, कपिल पुत्र जयसिंह बावरिया (25 वर्ष) निवासी गडाला, थाना नीमराना तथा राजेश पुत्र हरिराम बावरिया (23 वर्ष) निवासी फतेहपुरा, थाना नीमराना को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है। आरोपियों से चोरी की वारदातों को लेकर गहन पूछताछ की जा रही है तथा अनुसंधान जारी है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान और भी वारदातों के खुलासे की संभावना है।



