पावटा (राजेश कुमार हाडिया)। गत शनिवार शाम करीब 4 बजे नैनी रेलवे स्टेशन पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। प्लेटफार्म नंबर 4 से गुजर रही गाड़ी संख्या 11071 कामायनी एक्सप्रेस (प्रयागराज की ओर) में एक यात्री ने चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया। संतुलन बिगड़ते ही वह ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच जा गिरा।

मौके पर ड्यूटी कर रहे पॉइंट्स मैन सुबेसिंह चौधरी ने बिना एक पल गंवाए साहस और सूझबूझ का परिचय दिया और अपनी जान की परवाह किए बिना तुरंत यात्री को खींचकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस त्वरित कार्रवाई से एक अनमोल जीवन बच गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है, जिसमें सुबेसिंह चौधरी का साहस साफ दिखाई दे रहा है।

पॉइंट्स मैन सुबेसिंह चौधरी पुत्र रामेश्वर गिठाला मूल रूप से कोटपूतली-बहरोड़ जिले के पावटा उपखंड के ग्राम भांकरी निवासी हैं। वे बीकानेर मंडल से संबंधित हैं और माघ मेले के दौरान विशेष ड्यूटी के लिए प्रयागराज मंडल में तैनात हैं। वर्तमान में उनकी ड्यूटी नैनी स्टेशन पर लगाई गई है।

सुबेसिंह चौधरी ने घटना के बारे में बताया, मैं प्लेटफार्म पर गाड़ी को वेव कर रहा था, तभी देखा कि एक यात्री चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश में फिसल गया। उस समय सोचने का मौका नहीं था, बस तुरंत दौड़कर उसे बाहर खींच लिया। भगवान की कृपा से उसकी जान बच गई।

इस साहसिक कार्य से न केवल एक यात्री की जान बची, बल्कि रेल विभाग का मान भी बढ़ा है। प्रयागराज मंडल के मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल एवं वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (समन्वय) अकांशु गोविल के मार्गदर्शन में रेलवे टीम यात्रियों की सुरक्षा के लिए निरंतर सतर्क है।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे कभी भी चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें। ट्रेन के पूर्ण रूप से रुकने के बाद ही सुरक्षित तरीके से चढ़ें-उतरें, ताकि इस प्रकार की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।



