कोटपूतली (राजेश कुमार हाडिया)। जिला कलक्टर अर्पणा गुप्ता ने शुक्रवार को पावटा स्थित इंडेन गैस एजेंसी का निरीक्षण कर एलपीजी गैस सिलेंडरों की आपूर्ति, अवैध भंडारण एवं काला बाजारी की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान रसद विभाग के अधिकारी और गैस एजेंसी संचालक भी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने गैस सिलेंडरों की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं को एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता के बारे में अधिक से अधिक जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि बुकिंग प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए कर्मचारियों को सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

कलेक्टर ने गैस एजेंसी संचालकों को निर्देशित किया कि वे उपभोक्ताओं को गैस बुकिंग के विभिन्न प्लेटफॉर्म और नंबरों की जानकारी सहज एवं धैर्यपूर्वक दें, जिससे लोगों को बार-बार एजेंसी के चक्कर नहीं लगाने पड़ें।

इस दौरान एजेंसी के सॉफ्टवेयर और सिस्टम का भी निरीक्षण किया गया तथा मौके पर मौजूद उपभोक्ताओं से उनकी समस्याएं सुनी गईं। कलेक्टर ने आमजन से अपील की कि गैस आपूर्ति को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है और धैर्य बनाए रखें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि गैस आपूर्ति में किसी भी प्रकार की अनियमितता या अवैध गतिविधि की जानकारी मिलने पर उपभोक्ता हेल्पलाइन नंबर 112, 14435 और 181 पर शिकायत दर्ज करवा सकते हैं, जिस पर प्रशासन तत्काल कार्रवाई करेगा।
जिला रसद अधिकारी शशि शेखर शर्मा ने बताया कि निरीक्षण के दौरान एजेंसी गोदामों में गैस सिलेंडरों की स्थिति संतोषजनक पाई गई। उन्होंने कहा कि बॉटलिंग प्लांट से नियमित रूप से आपूर्ति हो रही है और वितरण भी नियमों के अनुसार किया जा रहा है। हालांकि कुछ स्थानों पर सर्वर डाउन होने से बुकिंग में दिक्कतें सामने आईं, जिनके समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने उपभोक्ताओं से आग्रह किया कि गैस बुकिंग पिछली डिलीवरी के 25 दिन बाद ही करें। साथ ही बुकिंग केवल मोबाइल एप, वेबसाइट, व्हाट्सएप या आईवीआरएस के माध्यम से ही करवाएं और अनावश्यक रूप से एजेंसी पर जाने से बचें।



