कोटपूतली-बहरोड़ जिला परिषद के वार्ड संख्या 12 में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। शनिवार को सुजातनगर-धालेड़ा रोड स्थित महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय परिसर में निर्दलीय प्रत्याशी एवं पावटा अभिभाषक संघ के अध्यक्ष एडवोकेट रामनिवास यादव के मुख्य चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया गया। बालाजी मंदिर के महंत स्वामी सुखानन्दजी महाराज ने फीता काटकर कार्यालय का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में बुजुर्गों, महिलाओं और युवाओं सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।

कार्यालय उद्घाटन के दौरान समर्थकों और ग्रामीणों की मौजूदगी से चुनावी माहौल में उत्साह दिखाई दिया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने क्षेत्र के विकास, जनसमस्याओं के समाधान और स्थानीय नेतृत्व की भूमिका पर विचार रखे। पूर्व सरपंच रामदेव वर्मा ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए ऐसे नेतृत्व की आवश्यकता है, जो आमजन के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझे और समाधान के लिए प्रयास करे। उन्होंने एडवोकेट रामनिवास यादव के जनसंपर्क और सामाजिक जुड़ाव का उल्लेख करते हुए उनके समर्थन की अपील की।

एडवोकेट राजेन्द्र प्रसाद यादव ने ग्रामीणों से मार्गदर्शन, सहयोग और आशीर्वाद बनाए रखने का आग्रह किया। इस दौरान बुजुर्गों ने रामनिवास यादव को आशीर्वाद दिया, जबकि युवाओं ने भी उनके समर्थन में अपनी भागीदारी जताई।

निर्दलीय प्रत्याशी एडवोकेट रामनिवास यादव ने कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वार्ड के प्रत्येक गांव और ढाणी को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना उनकी प्राथमिकता रहेगी। सड़क, पेयजल और बिजली जैसी बुनियादी समस्याओं के स्थायी समाधान के साथ उन्होंने भ्रष्टाचार मुक्त और पारदर्शी प्रशासनिक व्यवस्था के लिए प्रयास करने की बात कही।

उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी केवल चुनाव तक सीमित नहीं होती, बल्कि जनता के सुख-दुख में साथ खड़े रहना और क्षेत्र की जरूरतों को संबंधित मंचों तक पहुंचाना भी जरूरी है। स्थानीय मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए विकास कार्यों के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
वार्ड संख्या 12 के अंतर्गत भूरी भड़ाज, पंडितपुरा, रामपुरा, टोरड़ा गुजरान, दुदावास, बुचारा, टसकोला और धालेड़ा सहित विभिन्न गांव आते हैं। चुनाव कार्यालय के उद्घाटन के साथ ही प्रत्याशी का इन क्षेत्रों में घर-घर जनसंपर्क अभियान भी जारी है। अभियान के दौरान मतदाताओं से संवाद कर उनकी समस्याओं और अपेक्षाओं को जानने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में पूर्व सरपंच महादेवी यादव, निकेता पब्लिक स्कूल के निदेशक श्रीराम यादव, एडवोकेट मनोज यादव, जवाहर लाल आर्य, फूलचंद वर्मा, बजरंग यादव, विजयपाल यादव, रामस्वरूप दास स्वामी, रामेश्वर यादव, सोनाराम यादव, जगदीश यादव, रोहिताश यादव, मुकेश स्वामी, बाबूलाल आर्य, रामनिवास गुरुजी, मंगल यादव, सुरेश यादव, बनवारी यादव, पंकज यादव, मनीष यादव, प्रहलाद यादव, कैलाश चंद यादव, महादेव जांगिड़, लालचंद पंच, सुलतान यादव, ख्यालीराम यादव, हनुमान यादव, पूरणमल जांगिड़, ग्यारसी लाल यादव और ओमप्रकाश हुल्ड़ा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।