जिंदगी में मिली असफलता से निराश होने के बजाय यदि उसे आगे बढ़ने की प्रेरणा बना लिया जाए तो मंजिल जरूर मिलती है। भैंसलाना गांव के नीरज सिंह तंवर ने अपनी मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति से इसी सोच को साकार किया है। वर्ष 2021 की राजस्थान फायर सर्विस भर्ती में असफल रहने के बाद भी उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार तैयारी जारी रखी। अब उनका चयन भारतीय नौसेना में फायरमैन पद पर हुआ है। उनकी सफलता ने क्षेत्र के युवाओं के सामने मेहनत और हौसले की प्रेरक मिसाल पेश की है।

नीरज सिंह तंवर पुत्र विक्रम सिंह ने प्रागपुरा में पुलिस थाने के समीप स्थित एमएस लाइब्रेरी में नियमित अध्ययन कर अपनी तैयारी को आगे बढ़ाया। इस दौरान लाइब्रेरी संचालक एवं फायर सेफ्टी जागरूकता कार्यकर्ता संदीप सैनी (फायरवाला) का उन्हें निरंतर मार्गदर्शन और सहयोग मिला। नीरज ने अपनी उपलब्धि का श्रेय संदीप सैनी को देते हुए कहा कि उनकी प्रेरणा और सहयोग ने कठिन समय में भी लक्ष्य के प्रति उनका विश्वास बनाए रखा।

संदीप सैनी के अनुसार नीरज पढ़ाई के प्रति गंभीर और मेहनती विद्यार्थी रहे हैं। संसाधनों की कमी और पूर्व में मिली असफलता भी उनके हौसले को कमजोर नहीं कर सकी। उन्होंने निरंतर प्रयास करते हुए अपनी तैयारी जारी रखी और आखिरकार भारतीय नौसेना में चयनित होकर सफलता हासिल की। नीरज की उपलब्धि पर उनके पिता विक्रम सिंह और परिजनों ने खुशी जताते हुए लाइब्रेरी संचालक का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर संदीप सैनी ने एक महत्वपूर्ण सामाजिक पहल की जानकारी देते हुए बताया कि एमएस लाइब्रेरी में आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क अध्ययन सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि आर्थिक परेशानी या संसाधनों के अभाव में किसी भी युवा का सपना अधूरा नहीं रहना चाहिए। ऐसे छात्र-छात्राएं लाइब्रेरी में आकर बिना किसी शुल्क के अध्ययन कर सकते हैं। भविष्य में भी जरूरतमंद विद्यार्थियों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।