कोटपूतली: जिला अभिभाषक संघ के चुनाव सम्पन्न, बजरंग लाल शर्मा (द्वितीय) अध्यक्ष निर्वाचित

न्यूज़ चक्र, कोटपूतली, 12 दिसम्बर 2025। जिला अभिभाषक संघ कोटपूतली की कार्यकारिणी के वार्षिक चुनाव शुक्रवार को शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुए। सुबह 10 बजे मतदान शुरू होते ही जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं की आवाजाही बढ़ गई। शुरुआती दो घंटों में 110 अधिवक्ताओं ने मतदान किया, जबकि दोपहर बाद मतदान ने रफ्तार पकड़ी।

कोटपूतली: जिला अभिभाषक संघ के चुनाव सम्पन्न, बजरंग लाल शर्मा (द्वितीय) अध्यक्ष निर्वाचित

मतदान प्रक्रिया समाप्त होने तक 527 में से 478 सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। अध्यक्ष पद के लिए हुए मुकाबले में पूर्व अध्यक्ष बजरंग लाल शर्मा (द्वितीय) ने 215 मत प्राप्त कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी राजेन्द्र चौधरी को 117 मतों से पराजित किया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी जितेन्द्र कुमार रावत के अनुसार राजेन्द्र चौधरी को 98, सुशील कुमार यादव को 88 तथा सतीश हाडिया को 75 मत मिले। कुल 2 मत निरस्त किए गए।

उपाध्यक्ष पद पर नरेन्द्र सिंह शेखावत ने 185 मत प्राप्त कर अपने प्रतिद्वंद्वी आशीष जोशी (107 मत) को 78 मतों से हराया। इस पद पर दिनेश कुमार अग्रवाल को 102 तथा राजकमल बसीठा को 80 मत प्राप्त हुए, जबकि 4 मत निरस्त किए गए।

कोटपूतली: जिला अभिभाषक संघ के चुनाव सम्पन्न, बजरंग लाल शर्मा (द्वितीय) अध्यक्ष निर्वाचित

सचिव पद पर मुकेश कुमार यादव ने 285 मत हासिल कर 96 मतों से भूपेश कुमार वर्मा (189 मत) को पराजित किया। इस श्रेणी में 4 मत निरस्त हुए।

कोषाध्यक्ष पद पर भी कड़ा मुकाबला देखने को मिला, जिसमें अजय सिंह तंवर ने 168 मत प्राप्त कर राजेश कुमार गुर्जर (152 मत) को 16 मतों से परास्त किया। विश्वेंद्र सिंह शेखावत को 151, नोटा को 4 मत मिले तथा 3 मत निरस्त किए गए।

परिणाम घोषित होते ही विजयी उम्मीदवारों के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। अधिवक्ताओं ने न्यायालय परिसर से मुख्य मार्गों तक जुलूस निकालकर नए पदाधिकारियों का स्वागत किया। निवर्तमान अध्यक्ष उदयसिंह तंवर सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने सभी विजेताओं को बधाई दी।

कोटपूतली: जिला अभिभाषक संघ के चुनाव सम्पन्न, बजरंग लाल शर्मा (द्वितीय) अध्यक्ष निर्वाचित

चुनाव प्रक्रिया में सहायक निर्वाचन अधिकारियों एड. नीशू सैनी, भूपेश सेहरा, शिवकुमार शर्मा, इन्द्रपाल यादव और विक्रम आर्य ने सहयोग किया।

अध्यक्ष निर्वाचित बजरंग लाल शर्मा ने कहा कि वे पूर्व में भी अभिभाषक संघ के अध्यक्ष व सहायक लोक अभियोजक जैसे पदों पर कार्य कर चुके हैं। वर्तमान में वे ब्राह्मण महासभा कोटपूतली के नगर अध्यक्ष भी हैं। उन्होंने कहा कि कोटपूतली में नया डीजे कोर्ट खुलने के बाद न्यायालय परिसर में आवश्यक सुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकता रहेगा।

Author

  • Vikas Verma

    विकास वर्मा News Chakra के संस्थापक, संपादक (Editor) और प्रकाशक (Publisher) हैं। वे पिछले 24 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हुए हैं और स्थानीय से लेकर क्षेत्रीय स्तर तक जनसरोकार से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं।

    पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके अनुभव ने उन्हें एक जिम्मेदार और संवेदनशील संपादक के रूप में स्थापित किया है। News Chakra के माध्यम से उनका उद्देश्य निष्पक्ष, तथ्यात्मक और जनहित से जुड़ी खबरों को आम जनता तक पहुंचाना है, ताकि समाज में जागरूकता और पारदर्शिता बनी रहे।

    विकास वर्मा विशेष रूप से कोटपूतली, पावटा, प्रागपुरा और आसपास के क्षेत्रों की जमीनी खबरों पर फोकस करते हैं। उनकी संपादकीय नीति स्पष्ट रूप से सत्यता, निष्पक्षता और सामाजिक जिम्मेदारी पर आधारित है।

    उनके नेतृत्व में News Chakra एक विश्वसनीय स्थानीय समाचार मंच के रूप में विकसित हो रहा है, जो आम लोगों की आवाज़ को मजबूती से उठाने का कार्य कर रहा है।