भाई-बहन के पवित्र रिश्ते और अटूट विश्वास का प्रतीक भाई दूज का पर्व बुधवार को पावटा-प्रागपुरा कस्बे सहित आसपास के गांवों में पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। पर्व के चलते सुबह से ही घरों में तैयारियां शुरू हो गईं। बहनों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भाइयों के माथे पर तिलक लगाया और उनके सुखी, स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

बहनों ने पूजा की थाली में रोली, अक्षत, सूखा नारियल और मिठाई सजाकर भाइयों का तिलक किया। इसके बाद उन्हें मिठाई खिलाई और स्नेह का धागा बांधा। भाइयों ने भी अपनी बहनों को वस्त्र, आभूषण सहित विभिन्न उपहार देकर इस रिश्ते की मिठास को और बढ़ाया। इस दौरान दोनों ने एक-दूसरे के प्रति प्रेम, विश्वास और सहयोग का भाव व्यक्त किया।

त्योहार का असर कस्बे के बाजारों में भी देखने को मिला। मुख्य बाजारों और मिठाई की दुकानों पर दिनभर रौनक बनी रही। बस स्टैंड क्षेत्र सहित प्रमुख बाजारों में लोगों की आवाजाही रही। बच्चों में भी त्योहार को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया।

पौराणिक मान्यताओं के अनुसार भाई दूज का पर्व हर वर्ष कार्तिक शुक्ल द्वितीया को मनाया जाता है। ऐसी धार्मिक मान्यता है कि इस दिन बहन के घर जाकर तिलक करवाने और उसके हाथों से भोजन करने वाले भाई को अकाल मृत्यु का भय नहीं रहता। इसी आस्था और पारिवारिक परंपरा के साथ क्षेत्र में पर्व मनाया गया।