
न्यूज़ चक्र, कोटपूतली-बहरोड़। पंचायतीराज आम चुनाव के दूसरे चरण में जिले की चार पंचायत समितियों में शुक्रवार को मतदान जारी है। दोपहर 3 बजे तक प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, कोटपूतली पंचायत समिति मतदान के मामले में सबसे आगे रही। यहां 67.34 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं, बानसूर पंचायत समिति 63.47 प्रतिशत मतदान के साथ दूसरे स्थान पर रही।
मतदान प्रतिशत के आंकड़ों के अनुसार, पावटा पंचायत समिति में 62.47 प्रतिशत तथा नारायणपुर में 58.15 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इस तरह नारायणपुर में सबसे कम मतदान हुआ।
जिले की चारों पंचायत समितियों में सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की आवाजाही बनी हुई है। लोकतंत्र के इस महापर्व में मतदाता उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।
प्रशासन की ओर से मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न करवाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। मतदान प्रतिशत में आगे होने की दौड़ के बीच अब सभी की नजरें मतदान समाप्ति तक आने वाले अंतिम आंकड़ों पर टिकी हैं।
