कोटपूतली नेशनल हाईवे पर भिड़े एक के बाद एक चार वाहन, महिला समेत दो गंभीर घायल

कोटपूतली सांवरिया होटल के सामने हुआ हादसा
लापरवाही: बस स्टैंड के अभाव में हाईवे किनारे खड़ी होती है सवारियां

न्यूज़ चक्र, कोटपूतली। कोटपूतली नेशनल हाईवे पर सांवरिया होटल के सामने दोपहर बाद एक के बाद एक चार वाहनों की भिड़ंत हो गई। हादसा आगे चल रहे किसी वाहन के अचानक ब्रेक लेने से हुआ। इस हादसे में पिकअप में सवार एक युवक व सड़क किनारे खड़ी 24 वर्षीय युवती गंभीर घायल हो गई।

कोटपूतली नेशनल हाईवे पर भिड़े एक के बाद एक चार वाहन, महिला समेत दो गंभीर घायल
हादसे में अन्य वाहन से दुर्घटनाग्रस्त हुई पिकअप

घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची कोटपूतली थाना पुलिस ने घायलों को बीडीएम जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज किया गया। पुलिस ने बताया कि हाईवे पर पिकअप गाड़ी या उसके आगे चल रहे वाहन ने अचानक ब्रेक ले लिए। जिसके चलते पीछे आ रहे ट्रक ने सड़क पर खड़े लोगों को बचाने की जद्दोजहद में तीन वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद ट्रक हाईवे किनारे बने नाले में जाकर फंस गया।

कोटपूतली नेशनल हाईवे पर भिड़े एक के बाद एक चार वाहन, महिला समेत दो गंभीर घायल
हाईवे किनारे खड़ी सवारियों को बचाने के फेर में नाले में जा धंसा ट्रक

थाना पुलिस ने बताया कि हादसे में पिकअप में सवार पाथरेडी निवासी युवक दीपेंद्र यादव व बानसूर के उछपुर गांव निवासी युवती मेहंदी मीणा गंभीर घायल हो गए। घायलों का बीडीएम जिला अस्पताल में इलाज जारी है।

कोटपूतली नेशनल हाईवे पर भिड़े एक के बाद एक चार वाहन, महिला समेत दो गंभीर घायल
हादसे में ट्रक की चपेट में आई कार

लापरवाही : बस स्टैंड के अभाव में हाईवे किनारे खड़ी होती है सवारियां

गौरतलब है कि कोटपूतली में बीते कई वर्षों से बस स्टैंड की मांग की जा रही है, लेकिन कई बार बस स्टैंड के लिए बजट या जमीन की घोषणा हो जाने के बावजूद योजना साकार नहीं हो पाई है। बस स्टैंड के अभाव में दिल्ली जाने वाली सवारियां सांवरिया होटल के सामने हाईवे पर व जयपुर जाने वाली सवारियां बीडीएम अस्पताल के सामने हाईवे किनारे खड़ी होती हैं। ऐसे में यहां कई बार हादसे हो चुके हैं लेकिन प्रशासनिक रूप से कारगर कदम नहीं उठाए गए हैं।

Author

  • Vikas Verma

    विकास वर्मा News Chakra के संस्थापक, संपादक (Editor) और प्रकाशक (Publisher) हैं। वे पिछले 24 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हुए हैं और स्थानीय से लेकर क्षेत्रीय स्तर तक जनसरोकार से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं।

    पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके अनुभव ने उन्हें एक जिम्मेदार और संवेदनशील संपादक के रूप में स्थापित किया है। News Chakra के माध्यम से उनका उद्देश्य निष्पक्ष, तथ्यात्मक और जनहित से जुड़ी खबरों को आम जनता तक पहुंचाना है, ताकि समाज में जागरूकता और पारदर्शिता बनी रहे।

    विकास वर्मा विशेष रूप से कोटपूतली, पावटा, प्रागपुरा और आसपास के क्षेत्रों की जमीनी खबरों पर फोकस करते हैं। उनकी संपादकीय नीति स्पष्ट रूप से सत्यता, निष्पक्षता और सामाजिक जिम्मेदारी पर आधारित है।

    उनके नेतृत्व में News Chakra एक विश्वसनीय स्थानीय समाचार मंच के रूप में विकसित हो रहा है, जो आम लोगों की आवाज़ को मजबूती से उठाने का कार्य कर रहा है।