
ज्योतिषाचार्य से लिया आशीर्वाद, खादी सम्मान से नागरिकों ने जताया गौरव
पावटा (राजेश कुमार हाडिया)। कोटपूतली-बहरोड़ जिला पुलिस अधीक्षक से डीआईजी पद पर पदोन्नत हुए देवेन्द्र कुमार बिश्नोई मंगलवार को अपनी पत्नी सहित नगरपालिका पावटा-प्रागपुरा क्षेत्र पहुंचे। इस दौरान उन्होंने ज्योतिषाचार्य पंडित कमलेश शास्त्री महाराज से शिष्टाचार भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उनके आगमन से क्षेत्र में उत्साह और गौरव का माहौल देखने को मिला।

डीआईजी बिश्नोई की पदोन्नति के उपरांत देवेश खादी भंडार संयोजक एडवोकेट मुरलीधर खोवाल के नेतृत्व में स्थानीय ग्रामीणों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों द्वारा उनका गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। समारोह में डीआईजी बिश्नोई एवं उनकी पत्नी को खादी शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया, मिठाई खिलाई गई तथा प्रतीक स्वरूप खादी का सूत बुनने वाला चरखा भेंट कर आत्मनिर्भरता व सादगी का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर डीआईजी देवेन्द्र कुमार बिश्नोई ने कहा कि पदोन्नति के बाद अपने क्षेत्र में मिल रहा यह स्नेह और सम्मान मेरे लिए प्रेरणा का स्रोत है। आमजन की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करना और निष्पक्ष पुलिसिंग मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने आगे कहा कि खादी आत्मनिर्भर भारत की पहचान है, ऐसे प्रतीकात्मक सम्मान से जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है।

समारोह को संबोधित करते हुए एडवोकेट मुरलीधर खोवाल ने कहा कि देवेन्द्र कुमार बिश्नोई का कार्यकाल अनुशासन, संवेदनशीलता और प्रभावी पुलिसिंग का उत्कृष्ट उदाहरण रहा है। उनकी पदोन्नति न केवल विभाग बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।
वहीं उपस्थित ग्रामीणों एवं सामाजिक प्रतिनिधियों ने आशा व्यक्त की कि डीआईजी बिश्नोई के अनुभव, नेतृत्व और कार्यशैली से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी। समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जहां उपस्थितजनों ने डीआईजी बिश्नोई को उज्ज्वल व सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं प्रेषित कीं।





