भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी अभियान के तहत राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने गुरुवार को कोटपूतली में कार्रवाई करते हुए पुलिस थाने में तैनात उप निरीक्षक राजेंद्र सिंह को 3,500 रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। एसीबी की अलवर प्रथम चौकी की टीम ने यह कार्रवाई एसीबी मुख्यालय के निर्देश और डीआईजी डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन में की।

एसीबी के अनुसार परिवादी ने न्यायालय के माध्यम से एक बैंक के खिलाफ कोटपूतली थाने में मुकदमा संख्या 380/2026 दर्ज कराया था। मामले की जांच एसआई राजेंद्र सिंह कर रहे थे। आरोप है कि प्रकरण में आगे की कार्रवाई करने के बदले एसआई ने परिवादी से 5 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी।

रिश्वत की मांग से परेशान परिवादी ने एसीबी की अलवर प्रथम चौकी में शिकायत दी। शिकायत का 19 अगस्त को सत्यापन कराया गया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। सत्यापन के दौरान आरोपी एसआई ने परिवादी से 1,500 रुपए प्राप्त कर लिए तथा शेष 3,500 रुपए बाद में देना तय हुआ।

गुरुवार को परिवादी द्वारा शेष राशि दिए जाने के दौरान एसीबी की टीम ने कार्रवाई करते हुए राजेंद्र सिंह को 3,500 रुपए लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। टीम ने रिश्वत की राशि बरामद कर आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। प्रकरण में अग्रिम अनुसंधान जारी है।

कोटपूतली-बहरोड़ क्षेत्र में एसीबी की यह एक सप्ताह के भीतर दूसरी बड़ी ट्रैप कार्रवाई बताई जा रही है। इससे पहले विराटनगर में एसीबी ने कार्रवाई कर तहसीलदार संजय कुमार, कनिष्ठ सहायक देवीलाल और कथित बिचौलिए अशोक को 55 हजार रुपए की रिश्वत के मामले में गिरफ्तार किया था।
एसीबी ने आमजन से अपील की है कि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी वैध कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है तो इसकी शिकायत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की हेल्पलाइन 1064 अथवा व्हाट्सऐप हेल्पलाइन 9413502834 पर की जा सकती है।