मास्टर प्लान : नगर परिषद का फिर चला पीला पंजा ! ‘आजाद चौक’ भी ध्वस्त

न्यूज चक्र, कोटपूतली। मास्टर प्लान मामले को लेकर नगर परिषद का पीला पंजा आज फिर एक बार शहर में बाधा संरचनाओं को ध्वस्त करने में जुटा हुआ है। नगर परिषद ने आज सुबह 6:00 बजे अपने चौथे चरण की कार्रवाई की शुरुआत की। हांलाकि कार्रवाई शुरू होने से पहले ही आजाद चौक, तहसील परिसर के बाहर एक व्यापारी के द्वारा जमकर विरोध जताया गया। कार्रवाई को लेकर व्यापारी व उसके पुत्र द्वारा विरोध किए जाने पर मौजूद पुलिस जाब्ते ने व्यापारी को हिरासत में ले लिया।

मास्टर प्लान : नगर परिषद का फिर चला पीला पंजा ! 'आजाद चौक' भी ध्वस्त

व्यापारियों के विरोध के चलते आजाद चौक में कार्रवाई 7:00 बजे के करीब शुरू हुई। नगर परिषद दस्ते ने सबसे पहले तहसील परिसर के बाहर प्रतिष्ठानों को ध्वस्त किया इसके साथ ही दूसरे दुकानदारों के चबूतरे व टीन इत्यादि को हटाने की कार्रवाई की गई। यहां दुकानदारों ने दबी जवान से नगर परिषद जाब्ते पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाया।

नगर परिषद ने आज आजाद चौक से पुराने नगर पालिका भवन की तरफ से आ रही बाधा संरचनाओं को भी जेसीबी की सहायता से हटा दिया।

मास्टर प्लान : ‘आजाद चौक’ ऐतिहासिक चबूतरा भी ध्वस्त

नगर परिषद ने आज अपने चौथे चरण की कार्रवाई के दौरान शहर के ऐतिहासिक चबूतरे ‘आजाद चौक’ को भी नहीं बख्शा और आजाद चौक चबूतरा व उसके पीछे बनी पानी की टंकी सहित आसपास के अन्य निर्माणों को भी ध्वस्त कर दिया।

गौरतलब है कि शहर में मास्टर प्लान के तहत सड़क विस्तारीकरण का कार्य लगातार जारी है। नगरपरिषद अलग-अलग चरणों में यहां कार्रवाई कर रही है। फिलहाल समाचार लिखे जाने तक नगर परिषद की कार्रवाई आजाद चौक से पुराने नगर पालिका भवन के बीच जारी थी।

मास्टर प्लान : नगर परिषद का फिर चला पीला पंजा ! 'आजाद चौक' भी ध्वस्त

नगर परिषद आयुक्त फतेह सिंह मीणा ने बताया कि आजाद चौक को मूल स्वरूप में लाने की कवायद की गई है। यहां किसी से भेदभाव नहीं किया गया है। दुकानदारों के दस्तावेज जांच के उपरांत ही बाधा संरचनाओं व निर्माणों को ध्वस्त किया गया है।

कार्रवाई के दौरान कोटपूतली एसडीएम आईएएस ऋषभ मंडल, आरएएस सृष्टि जैन, तहसीलदार अभिषेक सिंह, एएसपी विद्या प्रकाश व कोटपूतली सहित करीब आधा दर्जन थानों का पुलिस जाब्ता मौजूद रहा।

Author

  • Vikas Verma

    विकास वर्मा News Chakra के संस्थापक, संपादक (Editor) और प्रकाशक (Publisher) हैं। वे पिछले 24 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हुए हैं और स्थानीय से लेकर क्षेत्रीय स्तर तक जनसरोकार से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं।

    पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके अनुभव ने उन्हें एक जिम्मेदार और संवेदनशील संपादक के रूप में स्थापित किया है। News Chakra के माध्यम से उनका उद्देश्य निष्पक्ष, तथ्यात्मक और जनहित से जुड़ी खबरों को आम जनता तक पहुंचाना है, ताकि समाज में जागरूकता और पारदर्शिता बनी रहे।

    विकास वर्मा विशेष रूप से कोटपूतली, पावटा, प्रागपुरा और आसपास के क्षेत्रों की जमीनी खबरों पर फोकस करते हैं। उनकी संपादकीय नीति स्पष्ट रूप से सत्यता, निष्पक्षता और सामाजिक जिम्मेदारी पर आधारित है।

    उनके नेतृत्व में News Chakra एक विश्वसनीय स्थानीय समाचार मंच के रूप में विकसित हो रहा है, जो आम लोगों की आवाज़ को मजबूती से उठाने का कार्य कर रहा है।